इस दिन पटना आ रहे हैं बीजेपी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन , रोड शो और अभिनंदन समारोह में होंगे शामिल

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद नितिन नबीन 23 दिसंबर को पहली बार बिहार के दौरे पर आ रहे हैं

इस दिन पटना आ रहे हैं बीजेपी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन , रोड शो और अभिनंदन समारोह में होंगे शामिल
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
: Dec 19, 2025, 2:58:00 PM

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद नितिन नबीन 23 दिसंबर को पहली बार बिहार के दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा संगठन में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। नई जिम्मेदारी संभालने के बाद यह उनका पहला गृह आगमन है, जिसे पार्टी ऐतिहासिक और संगठन के लिए महत्वपूर्ण मान रही है। राजधानी पटना में उनके स्वागत को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियां जोरों पर हैं।

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रेस वार्ता में बताया कि नितिन नबीन दोपहर 12:30 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे सीधे रोड शो में शामिल होंगे। यह रोड शो पटना एयरपोर्ट से शुरू होकर मिलर हाई स्कूल मैदान तक जाएगा। इसी मैदान में उनका विशाल अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल होंगे।

संजय सरावगी ने कहा कि संगठन को और अधिक मजबूत करना नितिन नबीन की प्राथमिकताओं में शामिल है। रोड शो के दौरान नितिन नबीन हाई कोर्ट परिसर के पास स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद वे जेपी गोलंबर और इनकम टैक्स चौराहा पर भी महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित करेंगे और वहां उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

भाजपा संगठन नितिन नबीन के इस आगमन को पार्टी की ताकत और बिहार के बढ़ते राजनीतिक कद के रूप में प्रस्तुत करने की तैयारी में है। पार्टी नेताओं का कहना है कि बिहार के किसी नेता का भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष पद पर पहुंचना राज्य के लिए गर्व की बात है। केंद्रीय कमेटी में बिहार की मजबूत भागीदारी और हालिया राजनीतिक सफलता के बाद कार्यकर्ताओं में नया जोश और ऊर्जा देखने को मिल रही है। नितिन नबीन का यह दौरा भाजपा के लिए संगठनात्मक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।