भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन एक बार फिर अपने गृह राज्य बिहार पहुंचे हैं। आज सुबह करीब 10 बजकर 45 मिनट की फ्लाइट से वे पटना एयरपोर्ट पहुंचे, जहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। एयरपोर्ट पर समर्थकों की भीड़ और नारों के बीच उनका जोरदार अभिनंदन किया गया।
एयरपोर्ट से निकलते ही नितिन नवीन सीधे अपने सरकारी आवास टेलर रोड के लिए रवाना हो गए। जानकारी के मुताबिक, वे 15 फरवरी, रविवार को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर खाजपुरा स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इस दौरान वे महाशिवरात्रि की शुभ यात्रा में शामिल होंगे और झांकियों का अभिनंदन भी करेंगे। कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि 16 फरवरी को नितिन नवीन वापस दिल्ली लौट जाएंगे। इससे पहले भी वे 9 फरवरी को पटना आए थे और 10 फरवरी को बांकीपुर विधायक के रूप में बिहार विधानसभा के बजट सत्र में हिस्सा लिया था, जहां उनका जोरदार स्वागत हुआ था।
उनकी इस यात्रा को राजनीतिक और धार्मिक, दोनों ही दृष्टिकोण से अहम माना जा रहा है।