बिहार में कैबिनेट विस्तार की चर्चा तेज है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अभी तक अपने मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं किया है। जिसको लेकर अटकलें तेज हैं। इस बीच जदयू और भाजपा के शीर्ष नेताओं के बीच बातचीत हुई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के बीच मुलाकात हुई है।
जदयू सांसद संजय कुमार झा ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात पर कहा कि हम लंबे समय से साथ काम करते रहे हैं। यह शिष्टाचार मुलाकात थी। कोई चर्चा(मंत्रिमंडल विस्तार पर) नहीं हुई। उन्होंने कैबिनेट विस्तार को लेकर हुई बात को खारिज कर दिया है।
उन्होंने आगे कहा-नीतीश कुमार जब मुख्यमंत्री बने तब उन्होंने कहा था कि कानून का राज स्थापित करना उनकी प्राथमिकता है। मैं सरकार और अपनी पार्टी की तरफ से कहता हूं किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों को इस सरकार से कोई सुरक्षा नहीं मिलेगी।
वहीं बंगाल में TMC द्वारा EVM से छेड़छाड़ का आरोप लगाए जाने पर संजय झा ने कहा-शुरू से ही इन्होंने संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने की कोशिश की। लेकिन सच्चाई यह है कि वहां बंगाल सरकार के खिलाफ बहुत एंटी इनकंबेंसी है। अब उन्हें(TMC) लग रहा है कि जीतना मुश्किल हो गया है इसलिए वे इस तरह की बातें कर रहे हैं।
बता दें कि सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और उसी दिन जेडीयू कोटे से विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव भी उपमुख्यमंत्री बने। हालांकि अब तक कैबिनेट का विस्तार नहीं हो सका है। अटकलें है कि सम्राट चौधरी 3 या 6 मई को कैबिनेट का विस्तार कर सकते हैं।