नीतीश के इन मंत्रियों को सम्राट कैबिनेट में नहीं मिली जगह, मंगल पांडेय के मंत्री नहीं बनने पर अटकलें तेज

सम्राट कैबिनेट में कुछ नए चेहरों को मौका दिया गया है जबकि नीतीश मंत्रिमंडल में शामिल कुछ नेताओं को सम्राट मंत्रिमंडल से बाहर कर दिया गया है। सबसे ज्यादा चर्चा बिहार बीजेपी के कद्दावर नेता मंगल पांडेय को मंत्रिमंडल से बाहर किए जाने को लेकर हो रही है।

नीतीश के इन मंत्रियों को सम्राट कैबिनेट में नहीं मिली जगह, मंगल पांडेय के मंत्री  नहीं बनने पर अटकलें तेज
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
: May 07, 2026, 3:21:00 PM

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया है।    पटना के गांधी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में निशांत कुमार समेत कुल 32 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। हालांकि सम्राट कैबिनेट में कुछ नए चेहरों को मौका दिया गया है जबकि नीतीश मंत्रिमंडल में शामिल कुछ नेताओं को सम्राट मंत्रिमंडल से बाहर कर दिया गया है। सबसे ज्यादा चर्चा बिहार बीजेपी के कद्दावर नेता और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय को मंत्रिमंडल से बाहर किए जाने को लेकर हो रही है। 

मंगल पांडेय के अलावा पूर्व मंत्री सुरेंद्र मेहता और नारायण प्रसाद को भी इस बार सम्राट कैबिनेट में जगह नहीं मिली है। तीनों नेता पिछली नीतीश कुमार सरकार में मंत्री रह चुके थे, लेकिन सम्राट सरकार के पहले विस्तार में इन नेताओं को जगह नहीं मिली है। मंगल पांडेय को मंत्री नहीं बनाने को लेकर खूब चर्चा हो रही है हालांकि कहा जा रहा है कि बीजेपी अब उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में मंगल पांडेय को महासचिव जैसी अहम जिम्मेदारी मिल सकती है।

बीजेपी ने जहां कुछ पुराने चेहरों को बाहर का रास्ता दिखाया है, वहीं कई नए नेताओं को मौका देकर सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश की है। भाजपा की नई सूची में मिथलेश तिवारी, रामचंद प्रसाद, कुमार शैलेन्द्र और नन्दकिशोर राम जैसे नए चेहरों को मंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा पिछली सरकार में मंत्री नहीं बन सके नीतीश मिश्रा को भी इस बार सम्राट कैबिनेट में शामिल किया गया है।

बता दें कि मंगल पांडेय स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं बिहार बीजेपी में कई अहम पदों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं वहीं बेगूसराय जिले की बछवाड़ा सीट से तीन बार विधायक रह चुके सुरेंद्र मेहता नीतीश सरकार में डेयरी, मत्स्य एवं पशुपालन विभाग की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं जबकि पश्चिम चंपारण की नौतन विधानसभा सीट से चार बार जीत दर्ज कर चुके नारायण प्रसाद आपदा प्रबंधन विभाग संभाल रहे थे। लेकिन इस बार भाजपा नेतृत्व ने दोनों नेताओं को मंत्रिमंडल से बाहर रखकर नए समीकरणों पर भरोसा जताया है।

आपको बता दें कि पटना के गांधी मैदान में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में निशांत कुमार समेत कुल 32 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार पहली बार मंत्री बने हैं। शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी के साथ कई बड़े नेता और गणमान्य लोग मौजूद रहे। भाजपा कोटे से 15 नेताओं को मंत्री बनाया गया, जबकि जेडीयू के खाते में 13 मंत्री गए। इसके अलावा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से 2 नेताओं को मंत्री पद मिला है। वहीं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा से 1 और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी से 1 नेता को मंत्री बनाया गया है।