बांकीपुर के नए विधायक प्रशांत किशोर के गांव, परिवार को जानिए, पत्नी डॉक्टर, परिवार में कौन क्या करता है...
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर बांकीपुर के नए विधायक बनने जा रहे हैं। प्रशांत किशोर की बढ़त के बाद उनकी निजी जिंदगी, परिवार, पत्नी, गांव और राजनीतिक सफर को लेकर लोगों की दिलचस्पी

जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर बांकीपुर के नए विधायक बनने जा रहे हैं। 22वें राउंड की गिनती यानी आधी से ज्यादा गिनती अब खत्म हो चुकी है। मतगणना में जनसुराज पार्टी (JSP) के नेता प्रशांत किशोर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नीरज सिन्हा से काफी आगे चल रहे हैं। भााजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा 12809 वोटों से पीछे चल रहे हैं। बीजेपी के गढ़ में प्रशांत किशोर की बढ़त के बाद उनकी निजी जिंदगी, परिवार, पत्नी, गांव और राजनीतिक सफर को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है।
बांकीपुर उपचुनाव के लिए 22 राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है। 22 वें राउंड में प्रशांत किशोर को 44525, नीरज कुमार को 31716 ,और रेखा गुप्ता को 10562 वोट मिले है । प्रशांत किशोर की बढ़त 12809 की हो गई है। लोग प्रशांत किशोर के राजनीतिक सफर के साथ-साथ उनके परिवार के बारे में भी जानना चाहते हैं।
प्रशांत किशोर का जन्म 20 मार्च 1977 को बिहार के रोहतास जिले के कोनार गांव में हुआ था। उनका पुश्तैनी दो मंजिला घर आज भी इसी गांव में मौजूद है। यहीं से उनके जीवन की शुरुआत हुई थी। उनके पिता डॉ. श्रीकांत पांडेय सरकारी डॉक्टर थे। नौकरी के कारण उनका परिवार लंबे समय तक बक्सर और शाहपुर में रहा। बक्सर में भी उनका परिवार का घर है, जहां आज भी लोग रहते हैं और घर की देखभाल करते हैं।
प्रशांत किशोर के पिता डॉ. श्रीकांत पांडेय ने सरकारी डॉक्टर के तौर पर लंबे समय तक लोगों की सेवा की। उनकी मां गृहिणी रही हैं। परिवार के कई सदस्य सार्वजनिक जीवन से दूर रहते हैं। सार्वजनिक जानकारी के अनुसार प्रशांत किशोर के चार भाई-बहन हैं। उनके बड़े भाई अजय किशोर बिजनेस से जुड़े हुए हैं। प्रशांत किशोर की शुरुआती शिक्षा बिहार में ही हुई। उन्होंने बक्सर में प्रारंभिक पढ़ाई की। इसके बाद पटना साइंस कॉलेज से 12वीं की पढ़ाई पूरी की। आगे उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से बीबीए की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने पब्लिक हेल्थ के क्षेत्र में काम किया और संयुक्त राष्ट्र से जुड़े। इसी दौरान उन्होंने देश-विदेश में स्वास्थ्य और विकास से जुड़े कई प्रोजेक्ट पर काम किया।
प्रशांत किशोर की पत्नी डॉ. जाह्नवी दास हैं। वह पेशे से डॉक्टर हैं और असम के गुवाहाटी की रहने वाली हैं। बताया जाता है कि दोनों की मुलाकात संयुक्त राष्ट्र (UN) के एक स्वास्थ्य कार्यक्रम के दौरान हुई थी। पहले दोनों के बीच दोस्ती हुई और बाद में यही रिश्ता शादी में बदल गया। प्रशांत किशोर और जाह्नवी दास का एक बेटा भी है। चुनावी हलफनामे में उनके बेटे का नाम दैबिक भारद्वाज बताया गया है। उनका बेटा आमतौर पर सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर रहता है। प्रशांत किशोर कई बार सार्वजनिक मंचों से अपनी पत्नी के योगदान का जिक्र कर चुके हैं। उन्होंने कहा है कि बिहार की राजनीति में सक्रिय होकर काम करने के पीछे उनकी पत्नी का बड़ा सहयोग है।













