बांकीपुर से उम्मीदवार घोषित होते ही खूब गरजे प्रशांत किशोर, सम्राट सरकार की परीक्षा, उनकी जिंदगी...
बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए प्रशांत किशोर को जन सुराज पार्टी की ओर से उम्मीदवार घोषित किया गया है। प्रशांत किशोर ने कहा कि पिछले चार वर्षों से जन सुराज ही उनकी जिंदगी है।
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट से प्रशांत किशोर चुनाव लड़ेंगे। बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए प्रशांत किशोर को जन सुराज पार्टी की ओर से उम्मीदवार घोषित किया गया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने इसकी आधिकारिक घोषणा की। बांकीपुर से उम्मीदवार घोषित होने के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि पिछले चार वर्षों से जन सुराज ही उनकी जिंदगी है और पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी ईमानदारी से निभाने की कोशिश करेंगे। दरअसल बीजेपी के नितिन नवीन के राज्यसभा सांसद बनने के बाद खाली हुई इस सीट पर अब मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है।
प्रशांत किशोर ने कहा कि यदि बांकीपुर की जनता का आशीर्वाद मिला तो वह चुनाव जीतेंगे। जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने बांकीपुर के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे किसी पार्टी या चेहरे के बजाय ऐसे उम्मीदवार को वोट दें जो वास्तव में काम करने वाला हो, चाहे वह किसी भी दल का क्यों न हो। प्रशांत किशोर ने इस उपचुनाव को सिर्फ एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं, बल्कि बिहार की मौजूदा सरकार की परीक्षा बताया। उन्होंने कहा कि अब यह देखना है कि जनता क्या फैसला करती है।
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 6 जुलाई को अधिसूचना जारी होगी। इसी दिन से नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। 6 जुलाई से 13 जुलाई तक उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। इसके बाद 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों को 16 जुलाई तक अपना नामांकन वापस लेने का मौका मिलेगा। इसके बाद चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों की अंतिम लिस्ट जारी की जाएगी। 30 जुलाई को बांकीपुर विधानसभा सीट पर मतदान कराया जाएगा। मतदान संपन्न होने के बाद 3 अगस्त को नतीजे घोषित किए जाएंगे।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का ऐलान
अधिसूचना जारी- 6 जुलाई
नामांकन की अंतिम तिथि-13 जुलाई
नामांकन पत्रों की जांच-14 जुलाई
नाम वापस लेने की अंतिम तिथि-16 जुलाई
मतदान- 30 जुलाई
परिणाम- 3 अगस्त
बता दें कि इस सीट से बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन लगातार जीत हासिल करते रहे हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने इस सीट से इस्तीफा दे दिया था और राज्यसभा सांसद चुने गये थे। उनके इस्तीफा देने के बाद इस सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार बीजेपी के लिए प्रतिष्ठा बनी इस सीट पर जीत दर्ज करने के लिए बीजेपी की तरफ से भी उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया जारी है। हालांकि उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गयी है। वहीं बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में तेजस्वी यादव और उनके बड़े भाई तेज प्रताप यादव भी सामने सामने होंगे। क्योंकि तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल ने सामाजिक कार्यकर्ता वीणा मानवी को बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए पनी पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया है।
बतातें चलें कि बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। यहां से भाजपा नेता नीतिन नवीन लगातार जीत दर्ज करते रहे हैं। यह सीट भाजपा के लिए सबसे सुरक्षित सीटों में गिनी जाती रही है। भाजपा के सामने अपनी पारंपरिक सीट बरकरार रखने की चुनौती होगी, वहीं महागठबंधन इस सीट पर जीत दर्ज कर राजनीतिक संदेश देने की कोशिश करेगा। राजद इस सीट पर जीत दर्ज कर राजनीतिक संदेश देने की कोशिश करेगा। वहीं राजद से अलग हो चुके तेज प्रताप यादव ने अपनी पार्टी की ओर से वीणा मानवी को उम्मीदवार घोषित किया है। जबकि जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर भी बांकीपुर उपचुनाव में उतरने की बात कह चुके हैं। ऐसे में बांकीपुर विधानसभा का उपचुनाव काफी दिलचस्प होने वाला है।
Trending News