राज्य में बदलेगा मौसम का मिजाज, गर्मी से मिलेगी राहत; बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी

राज्य में बदलेगा मौसम का मिजाज, गर्मी से मिलेगी राहत; बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी

राज्य में बदलेगा मौसम का मिजाज, गर्मी से मिलेगी राहत; बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: Apr 27, 2026, 10:17:00 AM

झारखंड में लंबे समय से जारी भीषण गर्मी के बीच अब मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विभाग ने राजधानी रांची सहित राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। इस बदलाव से तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

विभाग के अनुसार, 27 अप्रैल से ही तापमान में कमी दर्ज होनी शुरू हो जाएगी। अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में लगभग 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट संभव है। साथ ही, 2 मई तक राज्य के विभिन्न इलाकों में रुक-रुक कर बारिश, तेज हवा और गरज-चमक के साथ मौसम सक्रिय बना रह सकता है। वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

हालांकि फिलहाल कई जिलों में गर्मी का असर बरकरार है। रविवार को रांची में अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पलामू सबसे अधिक गर्म रहा, जहां पारा 44.9 डिग्री तक पहुंच गया। इसके अलावा सरायकेला में 42.5 डिग्री, पूर्वी सिंहभूम में 41.9 डिग्री और गुमला में 40.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। वहीं, बोकारो और जमशेदपुर जैसे कुछ क्षेत्रों में अपेक्षाकृत कम तापमान देखने को मिला, जहां क्रमशः 35.2 और 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। संताल परगना क्षेत्र में तापमान करीब 30 डिग्री के आसपास रहा, जिससे वहां कुछ राहत महसूस की गई।

मौसम विभाग ने 27 अप्रैल को संताल परगना, रांची, बोकारो और हजारीबाग में मौसम के ज्यादा प्रभावी होने की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, साथ ही गरज-चमक और ओलावृष्टि की भी आशंका है। इसके बाद 28 और 29 अप्रैल को रांची और कोल्हान क्षेत्र में भी इसी तरह की परिस्थितियां बनी रह सकती हैं।

अगले चरण में, 30 अप्रैल से 2 मई तक पूरे राज्य में मौसम का यही रुख जारी रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को विशेष रूप से बिजली गिरने और तेज हवाओं से सावधान रहने की सलाह दी गई है।