राजधानी में सुर्खियों में रहे अंश और अंशिका के लापता होने के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। इस प्रकरण में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक दंपती शामिल है। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान सूर्या और सोनम के रूप में हुई है, जो बिहार के औरंगाबाद जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने दोनों को हिरासत में तो ले लिया है, लेकिन फिलहाल उन्हें मीडिया के सामने पेश नहीं किया गया है। वहीं, मामले की सच्चाई तक पहुंचने के लिए पुलिस बच्चों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम को समझने की कोशिश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन आरोपी दंपती बाजार में गुब्बारे बेचने का काम कर रहा था। इसी दौरान महिला की नजर दोनों बच्चों पर पड़ी। बताया जा रहा है कि बच्चों को अकेला पाकर महिला ने अपने पति के साथ मिलकर उन्हें गुब्बारे का लालच देकर कुछ दूरी तक साथ चलने को कहा और फिर अपने साथ ले गई।
हालांकि, इस पूरे मामले की वास्तविक वजह और घटनाक्रम अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। बताया गया है कि इस मामले से जुड़ी पूरी जानकारी और आधिकारिक विवरण पुलिस मुख्यालय में डीजीपी तदाशा मिश्र पत्रकारों के सामने साझा करेंगी।