चाईबासा इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित एक मैराथन दौड़ उस समय मातम में बदल गई, जब प्रतियोगिता के दौरान एक छात्र की अचानक तबीयत बिगड़ने से जान चली गई। मृतक छात्र की पहचान 21 वर्षीय विक्रम टुडू के रूप में हुई है, जो कॉलेज में सिविल इंजीनियरिंग के तीसरे सेमेस्टर में अध्ययनरत था। वह धनबाद जिले के निरसा का निवासी था और अपने परिवार का एकमात्र पुत्र था। उसके परिवार में तीन बहनें हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, कॉलेज परिसर में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए थे। दौड़ के दौरान विक्रम ने पहले कॉलेज परिसर की चढ़ाई से दौड़ते हुए नीचे का हिस्सा पूरा किया। इसके बाद जब वह दोबारा चढ़ाई की ओर बढ़ा, तो रास्ते में ही वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की। विक्रम को सीपीआर दिया गया और होश में लाने के लिए पानी का छिड़काव भी किया गया, लेकिन उसकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उसे तत्काल सदर अस्पताल, चाईबासा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार को सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया।
इस दुखद घटना की खबर मिलते ही कॉलेज परिसर में शोक का माहौल फैल गया। छात्र और शिक्षक स्तब्ध हैं, वहीं परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। कई छात्रों ने मैराथन के आयोजन के दौरान सुरक्षा इंतजामों और पूर्व तैयारी को लेकर सवाल भी उठाए हैं। घटना के बाद से कॉलेज में सन्नाटा पसरा हुआ है।