राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में 26 जनवरी को राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन पूरे वैभव के साथ किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे राज्यपाल संतोष गंगवार के आगमन के साथ होगी। इस बड़े आयोजन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने यातायात प्रबंधन से लेकर सुरक्षा तक व्यापक तैयारियाँ की हैं।
समारोह के दौरान शहर में जाम की स्थिति से बचने के लिए बड़े वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। 26 जनवरी को सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक रांची की प्रमुख सड़कों पर भारी वाहनों की नो-एंट्री रहेगी। इन वाहनों को कांके, चाईबासा–खूँटी मार्ग, गुमला–सिमडेगा मार्ग, जमशेदपुर रोड और बूटी मोड़ जैसे निर्धारित स्टॉप प्वाइंट्स पर रोका जाएगा।
विशिष्ट अतिथियों के लिए अलग मार्ग
राज्यपाल, उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों, सांसदों, विधायकों और केंद्र व राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के आवागमन के लिए विशेष VVIP रूट तय किए गए हैं। ये मार्ग एटीआई मोड़, सिद्धो-कान्हू पार्क मोड़, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय मोड़ और राजकीय अतिथि गृह से होते हुए सीधे समारोह स्थल तक जाएंगे।
समारोह के लिए आने वाले VVIP और अधिकारियों के वाहनों हेतु अलग-अलग पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं। मीडिया प्रतिनिधियों के वाहन हॉकी स्टेडियम के समीप खड़े किए जाएंगे, जबकि आम नागरिकों के लिए TRI के सामने पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। डीसी आवास मोड़ से हॉकी स्टेडियम तक और रांची कॉलेज मोड़ से VVIP प्रवेश द्वार तक किसी भी प्रकार की पार्किंग की अनुमति नहीं होगी।
VVIP और पदाधिकारियों के वाहन निर्धारित ड्रॉप गेट से ही प्रवेश कर सकेंगे। आम वाहनों को समारोह स्थल के पास जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
नागरिकों के लिए प्रशासन की अपील
प्रशासन ने शहरवासियों से आग्रह किया है कि वे 26 जनवरी को प्रतिबंधित मार्गों से बचें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें। अन्य इलाकों में छोटे वाहनों का परिचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा। लोगों से सहयोग और संयम बरतने की अपील की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए दिल्ली की तर्ज पर 1 फरवरी 2026 तक ड्रोन, पैराग्लाइडर, हॉट एयर बैलून जैसे हवाई उपकरणों के संचालन पर रोक लगाई गई है। रांची ट्रैफिक एसपी ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के निर्देशों का सहयोग करने की अपील की है।