इस दिन होगी JAC मॉडल स्कूल प्रवेश परीक्षा, 82 स्कूलों में नामांकन के लिये राज्यभर में 60 परीक्षा केंद्र तैयार

इस दिन होगी JAC मॉडल स्कूल प्रवेश परीक्षा, 82 स्कूलों में नामांकन के लिये राज्यभर में 60 परीक्षा केंद्र तैयार

इस दिन होगी JAC मॉडल स्कूल प्रवेश परीक्षा, 82 स्कूलों में नामांकन के लिये राज्यभर में 60 परीक्षा केंद्र तैयार
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: Mar 19, 2026, 6:40:00 PM

झारखंड में मॉडल विद्यालयों में कक्षा 6 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) द्वारा 28 मार्च 2026, शनिवार को किया जाएगा। परीक्षा का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक निर्धारित किया गया है।

यह प्रवेश परीक्षा झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के अंतर्गत संचालित 82 मॉडल स्कूलों में दाखिले के लिए आयोजित की जा रही है। राज्य के विभिन्न प्रखंडों में कुल 60 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं, ताकि प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश पत्र 20 मार्च 2026 से JAC की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा। छात्र-छात्राएं ऑनलाइन माध्यम से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। इन मॉडल विद्यालयों में कक्षा 6 से 12वीं तक की पढ़ाई अंग्रेजी माध्यम में कराई जाती है और ये सभी स्कूल जैक बोर्ड से संबद्ध हैं।

परीक्षा केंद्रों का वितरण राज्य के 19 जिलों में किया गया है, जिनमें रांची, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, खूंटी, हजारीबाग, गिरिडीह, धनबाद, चतरा, कोडरमा, रामगढ़, लातेहार, दुमका, साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं। प्रत्येक जिले में विभिन्न प्रखंडों के अनुसार स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, ताकि अभ्यर्थियों को अपने क्षेत्र के निकट ही सुविधा मिल सके।

इस परीक्षा के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को राज्य के मॉडल विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। अब अभ्यर्थियों की नजरें आगामी परीक्षा पर टिकी हैं, जो उनके शैक्षणिक भविष्य की दिशा तय करेगी।