राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने झारखंड में अपने संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में कई अहम फैसले लिए हैं। पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में जानकारी दी गई कि बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव 5 अप्रैल को रांची का दौरा करेंगे। इस दौरान वे पार्टी के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा करेंगे और आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
बैठक में बताया गया कि तेजस्वी यादव प्रदेश, जिला, महानगर इकाइयों के साथ-साथ पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसका उद्देश्य जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय करना और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
कार्यकारिणी की बैठक में सामाजिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार से जल्द से जल्द जातीय जनगणना शुरू करने की मांग दोहराई। पार्टी नेताओं का कहना था कि इससे सामाजिक न्याय की नीतियों को मजबूत आधार मिलेगा।
संगठनात्मक गतिविधियों को बढ़ाने के लिए यह भी तय किया गया कि पार्टी हर महीने अलग-अलग जिलों में सम्मेलन आयोजित करेगी। इन कार्यक्रमों में पार्टी के मंत्री, विधायक और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और स्थानीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
इसके अलावा राजद कोर कमेटी की अगली बैठक 17 मार्च को शाम 5 बजे आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। यह बैठक राजद विधायक दल के नेता सुरेश पासवान के सरकारी आवास पर होगी, जिसमें आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक रणनीति पर विचार किया जाएगा।
बैठक में एक और महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए राज्य के 24 जिलों में पंचायत स्तर तक “लालू-तेजस्वी रथ” निकालने की योजना बनाई गई है। इस रथ यात्रा के जरिए पार्टी अपनी नीतियों और कार्यक्रमों को आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करेगी।
प्रदेश राजद अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मंत्री संजय प्रसाद यादव, विधायक नरेश सिंह, पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता, पूर्व विधायक गौतम सागर राणा, सुभाष प्रसाद यादव, पार्टी प्रवक्ता कैलाश यादव और डॉ. मनोज सहित कई नेताओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रंजन यादव ने किया।