राजधानी रांची में बढ़ती ठंड अब जानलेवा साबित होने लगी है। ताजा घटना वार्ड संख्या 18 की है, जहां सैंटेविटा हॉस्पिटल के पास सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत भीषण ठंड की वजह से हुई है।
सुबह के समय स्थानीय लोगों की नजर सड़क के किनारे पड़ी एक महिला पर पड़ी, जो अचेत अवस्था में थी। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। मृतका की उम्र करीब 45 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है, लेकिन उसकी पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो पाएगी। फिलहाल शव को सुरक्षित रखकर पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस घटना ने एक बार फिर ठंड के मौसम में बेघर और असहाय लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर तब जब शहर में शीतलहर का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है।