मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में वरिष्ठ वैज्ञानिक जी.भी. के. सुब्रमण्यम ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को अपनी स्वनिर्मित अत्याधुनिक कैंसर उपचार मशीन के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
वैज्ञानिक सुब्रमण्यम ने बताया कि यह मशीन पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से विकसित की गई है और वर्तमान में इसका उपयोग देश ही नहीं, बल्कि विदेशों के कई अस्पतालों में भी कैंसर के इलाज के लिए किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस मशीन के माध्यम से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के उपचार में काफी सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने इस उपलब्धि के लिए वैज्ञानिक सुब्रमण्यम की सराहना करते हुए कहा कि कैंसर पीड़ितों के लिए यह तकनीक किसी बड़ी राहत से कम नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह की मशीनों से कैंसर जैसी जटिल बीमारी के इलाज में सफलता की संभावना और मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार ठोस प्रयास कर रही है। अस्पतालों में जांच और इलाज की आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कैंसर मरीजों की बढ़ती संख्या चिंता का विषय है और सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि मरीजों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर न रहना पड़े।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि झारखंड के अस्पतालों में कैंसर उपचार की उन्नत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार हर जरूरी कदम उठाने को तैयार है।
इस अवसर पर विधायक राजेश कच्छप भी उपस्थित रहे।
जानकारी के अनुसार, जी.भी. के. सुब्रमण्यम पनाशिया लिमिटेड, बेंगलुरु के प्रबंध निदेशक हैं। वे भारत के पूर्व राष्ट्रपति दिवंगत डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के करीबी सहयोगी भी रह चुके हैं और उनके साथ कई शोध एवं अनुसंधान परियोजनाओं में काम कर चुके हैं।
बताया गया कि सुब्रमण्यम द्वारा विकसित यह कैंसर उपचार मशीन आज देश के बड़े अस्पतालों के साथ-साथ विदेशों के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में भी उपयोग में लाई जा रही है।