धुर्वा से लापता अंश-अंशिका की तलाश जारी, रांची पुलिस और NGO ने शुरू किया पोस्टर अभियान

धुर्वा से लापता अंश-अंशिका की तलाश जारी, रांची पुलिस और NGO ने शुरू किया पोस्टर अभियान

धुर्वा से लापता अंश-अंशिका की तलाश जारी, रांची पुलिस और NGO ने शुरू किया पोस्टर अभियान
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: Jan 13, 2026, 2:01:00 PM

धुर्वा के मौसीबाड़ी इलाके से लापता हुए मासूम भाई-बहन अंश और अंशिका की खोज को लेकर रांची में अभियान और तेज कर दिया गया है। मंगलवार को रांची पुलिस ने सामाजिक संस्था गंतव्य केयर फाउंडेशन के सहयोग से दोनों बच्चों के आवास से पोस्टर अभियान की औपचारिक शुरुआत की।

जारी किए गए पोस्टरों में अंश और अंशिका की तस्वीरों के साथ उनकी पहचान से जुड़ी जरूरी जानकारियां दी गई हैं। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि यदि बच्चों के संबंध में कोई भी सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें। रांची पुलिस ने दोनों बच्चों के बारे में विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति को चार लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की है।

देशभर के एनजीओ से लिया जा रहा सहयोग

बच्चों की सुरक्षित बरामदगी के प्रयासों को व्यापक स्तर पर ले जाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सामाजिक संगठनों के साथ समन्वय बढ़ाया है। सोमवार को एसएसपी के नेतृत्व में ग्रामीण एसपी और यातायात एसपी ने नोबेल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी द्वारा संचालित बचपन बचाओ आंदोलन से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रणनीति पर विचार-विमर्श किया।

इस बैठक में एवीए फाउंडेशन के राज्य समन्वयक ब्रजेश मिश्रा, चाइल्ड वेलफेयर एक्टिविस्ट राहुल मेहता, छोटानागपुर सांस्कृतिक संगठन की सच्ची कुमारी सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। चर्चा के दौरान यह तय किया गया कि देश के विभिन्न हिस्सों में सक्रिय एनजीओ और बाल कल्याण से जुड़े कार्यकर्ताओं के नेटवर्क का उपयोग कर तलाश को और प्रभावी बनाया जाएगा।

रांची पुलिस ने बताया कि इस अभियान के तहत देशभर के 20 राज्यों के 439 जिलों में कार्यरत एनजीओ कार्यकर्ताओं और चाइल्ड वेलफेयर एक्टिविस्ट्स से संपर्क साधा गया है। सभी संगठनों से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय सहयोग देकर बच्चों की शीघ्र खोज में मदद करने की अपील की गई है।

इधर, बच्चों के घर पर लोगों का आना-जाना लगातार बना हुआ है। जनप्रतिनिधियों और सामाजिक लोगों सहित कई लोग परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं। प्रशासन ने भी भरोसा दिलाया है कि अंश और अंशिका की सुरक्षित वापसी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।