स्वास्थ्य सेवाओं में सदर अस्पताल रांची की बड़ी कामयाबी, तीन क्षेत्रों में मिला राज्यस्तरीय सम्मान
स्वास्थ्य सेवाओं में सदर अस्पताल रांची की बड़ी कामयाबी, तीन क्षेत्रों में मिला राज्यस्तरीय सम्मान
रांची का सदर अस्पताल एक बार फिर बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए चर्चा में है। जिले ने स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए तीन अहम उपलब्धियां अपने नाम की हैं। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने रांची जिले को सम्मानित किया।
अस्पताल को यह सम्मान प्रमुख सर्जरी सेवाओं के प्रभावी संचालन, नॉन कम्युनिकेबल डिजीज (एनसीडी) की व्यापक स्क्रीनिंग और समग्र रूप से बेहतर प्रशासनिक व चिकित्सकीय कार्य निष्पादन के लिए दिया गया। सम्मान समारोह में जिला प्रजनन एवं बाल स्वास्थ्य पदाधिकारी (DRCHO) डॉ. असीम कुमार मांझी और जिला डाटा समन्वयक संजय तिवारी ने रांची जिले की ओर से यह सम्मान ग्रहण किया।
इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने जिले के सभी स्वास्थ्य पदाधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि टीमवर्क और समर्पण के कारण ही यह सफलता संभव हो पाई है। साथ ही उन्होंने सभी से इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रखने और सदर अस्पताल रांची को और बेहतर बनाने का आह्वान किया।