त्योहार के बाद महानगरों की ओर लौट रहे लोग, ट्रेनों में ‘नो रूम’ की स्थिति

त्योहार के बाद महानगरों की ओर लौट रहे लोग, ट्रेनों में ‘नो रूम’ की स्थिति

त्योहार के बाद महानगरों की ओर लौट रहे लोग, ट्रेनों में ‘नो रूम’ की स्थिति
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: Mar 06, 2026, 2:13:00 PM

होली का त्योहार समाप्त होते ही झारखंड के विभिन्न जिलों और शहरों में अपने घर आए लोग अब वापस रोज़गार और कामकाज के लिए महानगरों का रुख करने लगे हैं। इसके चलते रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है और ट्रेनों में सीट मिलना मुश्किल हो गया है। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, अहमदाबाद और सूरत जैसे प्रमुख शहरों के लिए जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ी है।

कई ट्रेनों में सीटें फुल, लंबी वेटिंग

त्योहार के बाद लौटने वालों की भीड़ के कारण कई ट्रेनों के डिब्बे पूरी तरह भरे हुए हैं। स्थिति यह है कि अधिकांश ट्रेनों में ‘नो रूम’ की स्थिति बन गई है और लंबी वेटिंग लिस्ट देखी जा रही है। कई ट्रेनों में वेटिंग का आंकड़ा 200 के पार पहुंच चुका है।

भुवनेश्वर-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस (20817) में 7 मार्च को 3एसी में 42, 14 मार्च को 34 और 21 मार्च को 15 वेटिंग दर्ज की गई है। वहीं रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (20839) में 7 मार्च को टिकट की स्थिति ‘रिग्रेट’ हो गई थी, जबकि 11 मार्च को 7 और 14 मार्च को 20 यात्रियों की वेटिंग रही। पूरी-आनंद विहार एक्सप्रेस (12801) में 9 मार्च तक स्लीपर क्लास की सभी सीटें ‘रिग्रेट’ हो चुकी हैं।

इसी तरह हावड़ा-कालका मेल एक्सप्रेस (12311) में स्लीपर क्लास में 10 मार्च तक टिकट उपलब्ध नहीं है और 3एसी में 100 से अधिक यात्रियों की वेटिंग चल रही है। हावड़ा-मुंबई मेल एक्सप्रेस (12321) में भी स्लीपर क्लास में 200 से अधिक और 3एसी में 70 से ज्यादा यात्रियों की वेटिंग दर्ज की गई है।

यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनें

त्योहार के बाद बढ़ी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने पहले से ही विशेष तैयारी की है। धनबाद रेल मंडल के तहत कई होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन अप्रैल तक जारी रहेगा। रेलवे ने झारखंड और बिहार से बड़े शहरों के बीच यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए करीब पांच दर्जन विशेष ट्रेनों को चलाया है।