झारखंड के ऊर्जा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज करते हुए पतरातू सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट (चरण-II) की दूसरी 800 मेगावाट क्षमता वाली इकाई को आज सफलतापूर्वक ग्रिड से जोड़ा गया। इस तकनीकी उपलब्धि को परियोजना की दिशा में एक अहम मील का पत्थर माना जा रहा है।
इस अवसर पर पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ए.के. सहगल समेत परियोजना से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इनमें मुख्य महाप्रबंधक (परियोजना) अनुपम मुखर्जी, महाप्रबंधक (ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस) मनीष खेतरपाल, महाप्रबंधक (परियोजना) बिश्नु दत्ता दाश, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस) ओ.पी. सोलंकी, महाप्रबंधक (कमीशनिंग) जोगेश चंद्र पात्रा और एचओएचआर जियाउर रहमान सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।
सीईओ ए.के. सहगल ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि परियोजना से जुड़ी पीवीयूएनएल और बीएचईएल की टीमों ने कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर प्रयास और प्रतिबद्धता के साथ काम किया, जिसके परिणामस्वरूप यह सफलता संभव हो सकी। उन्होंने सभी कर्मियों के समर्पण और समन्वित कार्यशैली की सराहना की।
यूनिट-2 का ग्रिड से सफल जुड़ाव विभिन्न एजेंसियों के बीच मजबूत तालमेल, सटीक योजना और प्रभावी क्रियान्वयन का उदाहरण है। यह उपलब्धि न केवल परियोजना की गति को आगे बढ़ाती है, बल्कि राज्य और देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।