रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से लापता हुए अंश और अंशिका को सुरक्षित वापस लाने की मांग अब सड़कों पर उतर आई है। घटना को दस दिन से अधिक का समय बीत जाने के बावजूद कोई ठोस जानकारी न मिलने से नाराज भारतीय जनता पार्टी ने आज रांची के एसएसपी कार्यालय के घेराव का ऐलान किया है। इसके मद्देनज़र बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक रांची पुलिस मुख्यालय के बाहर जुटने लगे हैं।
बताया जाता है कि 2 जनवरी को मल्लार टोली निवासी 5 वर्षीय अंश और 4 वर्षीय अंशिका घर के पास की एक दुकान से सामान लेने निकले थे, लेकिन उसके बाद उनका कोई पता नहीं चल सका। बच्चों के अचानक गायब होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने 40 सदस्यों वाली विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया और संभावित सुरागों के आधार पर चार राज्यों में छापेमारी भी की। इसके बावजूद अब तक जांच एजेंसियों को कोई निर्णायक सफलता नहीं मिली है।
पुलिस ने अब लोगों से सहयोग की अपील करते हुए यह घोषणा की है कि बच्चों के संबंध में विश्वसनीय जानकारी देने वाले को 2 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। इधर, लगातार अनिश्चितता के कारण बच्चों के परिजन गहरे सदमे में हैं, वहीं स्थानीय लोगों में भी गुस्सा और बेचैनी बढ़ती जा रही है। यही आक्रोश अब राजनीतिक विरोध के रूप में सामने आ रहा है।