झारखंड में ठंड ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। रविवार को पूरे मौसम का अब तक का सबसे सर्द दिन दर्ज किया गया, जिससे राज्य के अलग-अलग इलाकों में जनजीवन ठिठुरता नजर आया। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान गिरकर 7.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि लोहरदगा राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां पारा 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पलामू समेत कई अन्य जिलों में भी सर्द हवाओं ने ठंड की तीव्रता बढ़ा दी। सुबह और देर रात के समय लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, फिलहाल ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है और आने वाले दिनों में यही स्थिति बनी रह सकती है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 25 दिसंबर तक रांची में न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहने की संभावना है।
कोहरे की बात करें तो राजधानी रांची में यह असर सीमित क्षेत्रों में ही देखने को मिला। एयरपोर्ट इलाके में दृश्यता लगभग 400 मीटर दर्ज की गई। वहीं देवघर में कोहरे का प्रभाव ज्यादा रहा, जहां विजिबिलिटी घटकर करीब 200 मीटर तक पहुंच गई।
मौसम के इस बदले मिजाज ने लोगों को गर्म कपड़ों में रहने और सावधानी बरतने को मजबूर कर दिया है, खासकर सुबह-शाम के समय ठंड का असर सबसे ज्यादा महसूस किया जा रहा है।