JRD Tata की 187वीं जयंती पर जगमगायेगा जमशेदपुर, ‘वन विजन, वन टाटा स्टील’ थीम के साथ फाउंडर्स डे का भव्य आयोजन

JRD Tata की 187वीं जयंती पर जगमगायेगा जमशेदपुर, ‘वन विजन, वन टाटा स्टील’ थीम के साथ फाउंडर्स डे का भव्य आयोजन

JRD Tata की 187वीं जयंती पर जगमगायेगा जमशेदपुर, ‘वन विजन, वन टाटा स्टील’ थीम के साथ फाउंडर्स डे का भव्य आयोजन
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: Feb 28, 2026, 1:07:00 PM

टाटा स्टील अपने संस्थापक जमशेदजी नुसरवानजी टाटा की 187वीं जयंती 3 मार्च 2026 को उत्साह और गरिमा के साथ मनाने की तैयारी में है। इस वर्ष फाउंडर्स डे का केंद्रीय संदेश “वन विजन, वन टाटा स्टील” रखा गया है, जो कंपनी की एकजुट सोच और साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

फाउंडर्स डे जमशेदपुर के लिए केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शहर की पहचान से जुड़ा उत्सव है। हर साल की तरह इस बार भी पूरा शहर रोशनी से नहाया नजर आएगा। सड़कों, चौक-चौराहों, पार्कों और प्रमुख इमारतों को विशेष सजावट से सजाया जाएगा, जिससे शहर का माहौल उत्सवमय हो उठेगा।

जुबिली पार्क रहेगा आकर्षण का केंद्र

जुबिली पार्क में 2 मार्च को शाम 6:30 बजे रोशनी का उद्घाटन किया जाएगा। आम नागरिकों के लिए पार्क 3 से 6 मार्च तक (4 मार्च को छोड़कर) शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक खुला रहेगा।

पार्क में पैदल प्रवेश शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक साकची गेट, सीएफई गेट और निक्को जुबिली पार्क गेट से किया जा सकेगा। बाहर निकलने के लिए साकची गेट, सीएफई गेट और पारसी कॉलोनी गेट निर्धारित किए गए हैं।

लेजर शो और सांस्कृतिक कार्यक्रम

3 से 6 मार्च के बीच (4 मार्च को छोड़कर) प्रतिदिन तीन लेजर शो आयोजित होंगे। शो का समय शाम 7:00 बजे, 7:45 बजे और 8:30 बजे निर्धारित है। इसके अलावा संस्थापक को श्रद्धांजलि, प्रदर्शनी और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

प्रमुख सड़कों और इमारतों पर विशेष सजावट

फाउंडर्स डे के अवसर पर शहर की कई प्रमुख सड़कों पर विशेष प्रकाश सज्जा की जाएगी। इनमें सीएफई राउंडअबाउट से सीएच एरिया, सीएच एरिया से एयरपोर्ट मार्ग, केएस लिंक रोड, रंकिनी मंदिर से कदमा थाना तथा एग्रीको से बारिडीह होते हुए टिनप्लेट काली मंदिर तक का मार्ग शामिल है।

इसके अलावा टाटा वर्कर्स यूनियन कार्यालय, गोलमुरी क्लॉक टावर, उपायुक्त एवं एसएसपी कार्यालय, टाटा मेन हॉस्पिटल, सेंटर फॉर एक्सीलेंस, टाटानगर रेलवे स्टेशन और इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियर्स जैसी प्रमुख इमारतें भी आकर्षक रोशनी से सुसज्जित की जाएंगी।

शहर के पार्क भी होंगे जगमग

जुबिली पार्क के साथ-साथ सर दोराबजी टाटा पार्क, पोस्टल पार्क, बिरसा मुंडा पार्क और टिनप्लेट स्थित सेंचेनरी पार्क में भी विशेष प्रकाश व्यवस्था की जाएगी।

फाउंडर्स डे के इस आयोजन से एक बार फिर जमशेदपुर दुल्हन की तरह सजेगा और शहरवासी अपने संस्थापक को श्रद्धा और गर्व के साथ याद करेंगे।