प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रांची शाखा ने MAXIZONE चिटफंड घोटाले के तहत गाजियाबाद और नोएडा में कुल 20 जगहों पर छापेमारी की। इससे पहले ED ने झारखंड में भी इस घोटाले से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई की थी। जांच के दूसरे चरण में ED ने झारखंड के बाहर स्थित ठिकानों को भी निशाना बनाया। सुबह करीब छह बजे शुरू हुई इस छापेमारी में रांची के अधिकारियों के साथ-साथ दिल्ली सहित अन्य राज्यों के एजेंसी अधिकारी भी शामिल थे।
झारखंड ED के जोनल कार्यालय ने MAXIZONE घोटाले की जांच जमशेदपुर में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर शुरू की थी। इस कंपनी के निदेशक चंद्रभूषण सिंह और उनकी पत्नी इस घोटाले के मुख्य आरोपियों में शामिल हैं। जमशेदपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद यह दंपती फरार हो गया था। बाद में पता चला कि उन्होंने अपने नाम बदलकर नोएडा में निवास किया था। स्थानीय पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।