धनबाद : शराब विवाद से भड़की हिंसा, 200 लोगों की भीड़ ने किया पथराव, SI घायल

धनबाद : शराब विवाद से भड़की हिंसा, 200 लोगों की भीड़ ने किया पथराव, SI घायल

धनबाद : शराब विवाद से भड़की हिंसा, 200 लोगों की भीड़ ने किया पथराव, SI घायल
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: Mar 06, 2026, 12:46:00 PM

धनबाद के लोयाबाद थाना क्षेत्र में शराब से जुड़े विवाद ने देर रात अचानक उग्र रूप ले लिया। एकड़ा शिव मंदिर के पास शुरू हुआ तनाव कुछ ही समय में बड़े पैमाने पर पथराव में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 200 लोगों की भीड़ इसमें शामिल हो गई, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी फैल गई और कई लोग चोटिल हुए।

सूचना मिलने पर लोयाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान उपद्रवियों द्वारा किए गए पथराव में सब-इंस्पेक्टर रोहित शर्मा घायल हो गए। पत्थर लगने से उनके नाक और होंठ पर चोट आई, जिसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एकड़ा पुल की ओर से अचानक बड़ी संख्या में लोग आए और पत्थरबाजी शुरू कर दी। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कुछ समय तक पथराव चलता रहा, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए।

अतिरिक्त बल की तैनाती

स्थिति बिगड़ते देख आसपास के कई थानों से पुलिस बल बुलाया गया। लोयाबाद के साथ-साथ केंदुआडीह, पुटकी, जोगता, सोनारडीह, धर्माबांध, भागाबांध और मुनीडीह थानों की टीमों को भी घटनास्थल पर तैनात किया गया।

इसके बाद पुलिस ने पुटकी थाना क्षेत्र के गोपालीचक नीचे धौड़ा इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। इस कार्रवाई में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि घटना में उनकी भूमिका स्पष्ट हो सके।

घर पर भी हमला

हिंसा के दौरान भीड़ ने एकड़ा निवासी राहुल पासवान को दौड़ाकर उसके घर तक पहुंचाया। आरोप है कि घर पर भी हमला किया गया। हालांकि राहुल किसी तरह वहां से सुरक्षित निकलने में सफल रहा। इस दौरान घर के भीतर मौजूद लोगों के साथ मारपीट की घटना भी सामने आई है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने एहतियात के तौर पर अपनी दुकानें बंद कर दीं और कई परिवारों ने घरों के दरवाजे सुरक्षित कर लिए। पुलिस फिलहाल स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले की जांच जारी है।