झारखंड कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक सक्रिय और सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर सभी जिलों में जिला राजनीतिक मामलों की समिति के गठन की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसी क्रम में रांची जिले के लिए भी नई समिति का ऐलान किया गया है।
रांची जिला कांग्रेस अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा को इस समिति का संयोजक बनाया गया है। समिति में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, अनुभवी कार्यकर्ताओं और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को जगह दी गई है, ताकि संगठन के भीतर बेहतर तालमेल और संतुलन कायम किया जा सके।
18 सदस्यीय इस समिति में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, सांसद कालीचरण महतो, मंत्री एवं विधायक शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक सुरेश बैठा और विधायक राजेश कश्यप शामिल हैं। इसके अलावा एसटी विभाग के जिला अध्यक्ष नीरज भोक्ता, जिला परिषद सदस्य हिना परवीन, नगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा समेत अन्य नेताओं को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
समिति पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों, संगठनात्मक कार्यक्रमों और अभियानों की नियमित समीक्षा करेगी। इसके साथ ही संगठन के भीतर समन्वय बनाए रखने, आपसी मतभेदों के समाधान और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद को मजबूत करने की भूमिका भी निभाएगी।
समय-समय पर होने वाली बैठकों में पार्टी के जनसंपर्क, प्रदर्शन और भावी रणनीतियों पर चर्चा की जाएगी। बैठकों से निकले सुझाव और निर्णय प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजे जाएंगे, ताकि राज्य स्तर पर रणनीतिक फैसले लिए जा सकें।