प्रदेश अध्यक्ष चयन पर कांग्रेस का प्रहार, आलोक दूबे बोले-भाजपा में आंतरिक लोकतंत्र खत्म

प्रदेश अध्यक्ष चयन पर कांग्रेस का प्रहार, आलोक दूबे बोले-भाजपा में आंतरिक लोकतंत्र खत्म

प्रदेश अध्यक्ष चयन पर कांग्रेस का प्रहार, आलोक दूबे बोले-भाजपा में आंतरिक लोकतंत्र खत्म
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: Jan 14, 2026, 7:12:00 PM

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने भारतीय जनता पार्टी में प्रदेश अध्यक्ष के चयन को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने इस अहम पद के लिए किसी प्रकार की लोकतांत्रिक प्रक्रिया नहीं अपनाई और सीधे नामांकन के जरिये फैसला थोप दिया, जिससे पार्टी के भीतर लोकतंत्र के खत्म होने की तस्वीर सामने आती है।

आलोक दूबे ने कहा कि मौजूदा हालात में भाजपा एक स्वतंत्र राजनीतिक संगठन के बजाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नियंत्रण वाली संस्था बनती जा रही है। उनके अनुसार, झारखंड में अध्यक्ष पद को लेकर की गई पूरी कवायद से स्पष्ट है कि निर्णय शीर्ष नेतृत्व द्वारा तय किए गए और जमीनी कार्यकर्ताओं को पूरी तरह हाशिये पर रखा गया।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा वर्षों से अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों की बात करती रही है, लेकिन व्यवहार में स्थिति इसके बिल्कुल उलट दिखाई दे रही है। प्रदेश अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर भी न तो खुली चर्चा हुई और न ही संगठनात्मक चुनाव की कोई प्रक्रिया अपनाई गई।

कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया कि इस तरह का रवैया न सिर्फ भाजपा कार्यकर्ताओं के आत्मविश्वास को कमजोर करता है, बल्कि राज्य और देश की लोकतांत्रिक परंपराओं के लिए भी चिंताजनक संकेत है। उन्होंने दावा किया कि झारखंड की जनता अब भाजपा की इस कार्यशैली को भली-भांति समझ रही है और आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाएगा।