झारखंड में शीतलहर का प्रकोप जारी, मकर संक्रांति पर भी सर्दी से राहत के आसार नहीं

झारखंड में शीतलहर का प्रकोप जारी, मकर संक्रांति पर भी सर्दी से राहत के आसार नहीं

झारखंड में शीतलहर का प्रकोप जारी, मकर संक्रांति पर भी सर्दी से राहत के आसार नहीं
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: Jan 13, 2026, 2:13:00 PM

झारखंड में ठंड का प्रकोप फिलहाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। उत्तर-पश्चिम दिशा से बह रही सर्द हवाओं ने राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर की स्थिति और गंभीर कर दी है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 14 और 15 जनवरी को उत्तर-पश्चिमी, मध्य तथा दक्षिणी झारखंड के इलाकों में शीतलहर जारी रहेगी। ऐसे में मकर संक्रांति के दिन भी लोगों को कड़ाके की ठंड झेलनी पड़ सकती है। हालांकि, दिन में मौसम शुष्क रहने और धूप निकलने से कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है।

न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट

मौसम केंद्र, रांची की 13 जनवरी की रिपोर्ट के अनुसार, गुमला इस समय राज्य का सबसे ठंडा जिला बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद खूंटी में पारा 4.2 डिग्री पर पहुंच गया। डाल्टनगंज में 5.6 डिग्री, बोकारो में 7.1 डिग्री, सिमडेगा में 7.3 डिग्री और रांची में 7.5 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ।
देवघर और सरायकेला में यह 8.1 डिग्री, हजारीबाग में 8.2 डिग्री, लोहरदगा में 8.5 डिग्री, लातेहार में 8.9 डिग्री और चाईबासा में 9.2 डिग्री रहा। वहीं, कोडरमा में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री और जमशेदपुर में 10.0 डिग्री दर्ज किया गया।

दिन का पारा भी नीचे खिसका

केवल रात ही नहीं, दिन के तापमान में भी गिरावट देखी जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 12 जनवरी को चाईबासा का अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री था, जो 13 जनवरी को घटकर 28.0 डिग्री रह गया। इसके बावजूद राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में ही दर्ज किया गया।
सरायकेला में दिन का तापमान 26.3 डिग्री, जमशेदपुर में 26.2 डिग्री, डाल्टनगंज में 25.0 डिग्री, देवघर और पाकुड़ में 24.8 डिग्री रहा। सिमडेगा में 24.6 डिग्री, खूंटी में 23.8 डिग्री, कोडरमा और बोकारो में 23.1 डिग्री, गुमला में 22.6 डिग्री और हजारीबाग में 21.9 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
रांची में दिन का पारा 21.6 डिग्री और लोहरदगा में 20.3 डिग्री रहा। सबसे अधिक ठंड दिन के समय लातेहार में महसूस की जा रही है, जहां अधिकतम तापमान महज 17.3 डिग्री सेल्सियस तक सिमट गया है।

सात जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने 14 से 16 जनवरी के बीच शीतलहर को लेकर गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, चतरा और हजारीबाग जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा बोकारो और रामगढ़ के कुछ इलाकों में भी शीतलहर का असर देखने को मिल सकता है। विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है।