राजधानी रांची सहित झारखंड के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की ठंड ने लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी है। खासकर कांके और मैक्लुस्कीगंज में शीतलहर का असर सबसे अधिक देखा जा रहा है। मैक्लुस्कीगंज में बीते तीन–चार दिनों से तापमान लगातार शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है, जिससे सामान्य जनजीवन ठप सा नजर आ रहा है। सुबह के समय लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है और सड़कों पर आवाजाही काफी कम हो गई है।
शाम ढलते ही बाजारों में सन्नाटा पसर जाता है। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव और हीटर का सहारा ले रहे हैं। मौसम के आंकड़ों के अनुसार, मैक्लुस्कीगंज में न्यूनतम तापमान माइनस 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुमला में 2.8 डिग्री, कांके में 4.2 डिग्री और रांची में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 12 से 15 जनवरी के बीच राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों—पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार—के साथ-साथ मध्य भाग के रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, खूंटी, बोकारो, कोडरमा, लोहरदगा और धनबाद में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। उन्होंने कहा कि सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड के साथ घने कोहरे का असर भी देखा जा सकता है।
पिछले 24 घंटों के मौसम पर नजर डालें तो पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहा और कई स्थानों पर हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान मैक्लुस्कीगंज में माइनस 1 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री और न्यूनतम 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले दो दिनों यानी 12 और 13 जनवरी को न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 14, 15 और 16 जनवरी के बीच तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे ठंड का असर और तेज होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक राजधानी रांची में अगले चार दिनों का तापमान इस प्रकार रहने की संभावना है—12 जनवरी को अधिकतम 22 और न्यूनतम 8 डिग्री, 13 जनवरी को अधिकतम 22 और न्यूनतम 6 डिग्री, 14 जनवरी को अधिकतम 23 और न्यूनतम 6 डिग्री तथा 15 जनवरी को अधिकतम 23 और न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस।
वहीं कांके क्षेत्र में बीते 24 घंटों के दौरान दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी गई, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली। यहां अधिकतम तापमान 21.3 डिग्री और न्यूनतम 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में धूप खिलने से बाजारों में हल्की चहल-पहल नजर आई, हालांकि सुबह और देर शाम ठंड अब भी लोगों को परेशान कर रही है।
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि वे सुबह और रात के समय विशेष सतर्कता बरतें, गर्म कपड़ों का उपयोग करें और स्वास्थ्य का ध्यान रखें, क्योंकि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है।