नववर्ष की शुरुआत के साथ ही दक्षिण पूर्व रेलवे ने यात्रियों के लिए अहम बदलाव की घोषणा की है। चक्रधरपुर रेल मंडल से चलने वाली और इस मार्ग से होकर गुजरने वाली कुल 24 ट्रेनों की समय-सारिणी में संशोधन किया गया है। रेलवे की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, बदला हुआ शेड्यूल 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हावड़ा, शालिमार, टाटानगर और राउरकेला जैसे प्रमुख स्टेशनों से प्रस्थान करने वाली और वहां पहुंचने वाली इन ट्रेनों के समय में 5 मिनट से लेकर 30 मिनट तक का अंतर किया गया है। यह निर्णय परिचालन व्यवस्था को बेहतर बनाने और तकनीकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले वे ट्रेन की नई टाइमिंग की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। इसके लिए यात्री रेलवे हेल्पलाइन 139, एनटीईएस मोबाइल ऐप या आधिकारिक वेबसाइट की मदद ले सकते हैं, ताकि आखिरी समय में किसी तरह की परेशानी न हो।
बदले समय के अनुसार चलने वाली प्रमुख ट्रेनें इस प्रकार हैं:
12152 हावड़ा–लोकमान्य तिलक समरसत्ता एक्सप्रेस अब हावड़ा से शाम 7:25 बजे खुलेगी, जो पहले 7:35 बजे थी।
22830 शालिमार–भुज सुपरफास्ट और 20972 शालिमार–उदयपुर एक्सप्रेस का शालिमार से प्रस्थान समय अब शाम 7:50 बजे कर दिया गया है।
12102 हावड़ा–एलटीटी ज्ञानेश्वरी और 12906 हावड़ा–पोरबंदर (ओखा) एक्सप्रेस अब रात 8:15 बजे हावड़ा से चलेंगी।
22906 शालिमार–ओखा सुपरफास्ट एक्सप्रेस भी रात 8:15 बजे शालिमार से रवाना होगी।
12262 हावड़ा–मुंबई सीएसएमटी दुरंतो एक्सप्रेस अब सुबह 5:35 बजे खुलेगी।
12813 हावड़ा–टाटानगर स्टील एक्सप्रेस का समय शाम 5:10 बजे कर दिया गया है।
18011 हावड़ा–आद्रा–चक्रधरपुर एक्सप्रेस अब रात 11:30 बजे चलेगी।
आगमन समय में भी कई बदलाव किए गए हैं:
18050 बदामपहाड़–शालिमार साप्ताहिक एक्सप्रेस अब शालिमार सुबह 6:15 बजे पहुंचेगी।
12129 पुणे–हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस हावड़ा सुबह 5:25 बजे आएगी।
18012 चक्रधरपुर–आद्रा–हावड़ा एक्सप्रेस का हावड़ा आगमन अब सुबह 5:35 बजे होगा।
20894 पटना–टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस अब टाटानगर रात 9:40 बजे पहुंचेगी।
टाटानगर और राउरकेला से चलने वाली कई ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी संशोधन किया गया है:
18185 टाटानगर–गोड्डा एक्सप्रेस दोपहर 1:55 बजे चलेगी।
20891 टाटानगर–ब्रह्मपुर वंदे भारत एक्सप्रेस अब 2:20 बजे रवाना होगी, जबकि 20892 ब्रह्मपुर–टाटानगर वंदे भारत का आगमन 2:50 बजे तय किया गया है।
18117 राउरकेला–गुणुपूर राज्यरानी एक्सप्रेस अब रात 9:20 बजे खुलेगी।
18125 राउरकेला–पुरी एक्सप्रेस सुबह 7:50 बजे और 18105 राउरकेला–जयनगर एक्सप्रेस शाम 4:35 बजे चलेगी।
मेमू और पैसेंजर ट्रेनों की टाइमिंग में भी बदलाव हुआ है:
68030 झारसुगुड़ा–राउरकेला मेमू अब 11:30 बजे राउरकेला पहुंचेगी।
68026 राउरकेला–चक्रधरपुर सारंडा मेमू शाम 4:00 बजे रवाना होगी।
58027 खड़गपुर–राउरकेला पैसेंजर का राउरकेला आगमन अब शाम 7:40 बजे होगा।
18116 चक्रधरपुर–गोमो मेमू एक्सप्रेस गोमो दोपहर 1:30 बजे पहुंचेगी।