रांची से लखनऊ के बीच एक नई ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है। यह ट्रेन पलामू मार्ग से होकर अयोध्या के रास्ते लखनऊ पहुंचेगी। इसके साथ ही रांची–दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को अब प्रतिदिन चलाने का निर्णय लिया गया है। नई व्यवस्था के तहत राजधानी एक्सप्रेस सप्ताह में तीन दिन लोहरदगा (पलामू रूट से और शेष चार दिन हजारीबाग) कोडरमा मार्ग से संचालित होगी।
रेल मंत्री से मुलाकात, नई ट्रेनों को मिली हरी झंडी
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से पलामू सांसद विष्णुदयाल राम, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल और चतरा के सांसद कालीचरण सिंह ने मुलाकात की थी। इस बैठक में रांची–लखनऊ नई ट्रेन सेवा और राजधानी एक्सप्रेस की आवृत्ति बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई, जिस पर रेल मंत्री ने सहमति जताई और आवश्यक कदम उठाने का निर्देश भी दिया।
मुलाकात के दौरान कोहरे के कारण बंद की गई झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस को दोबारा बहाल करने का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर भी रेल मंत्री ने सहमति दी। लखनऊ के लिए नई ट्रेन की मांग लंबे समय से की जा रही थी, इसलिए यह स्वीकृति झारखंड के यात्रियों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि आने वाले कुछ महीनों में नई ट्रेन सेवा की शुरुआत हो सकती है।
सांसदों ने दी जानकारी, बढ़ी उम्मीदें
पलामू सांसद विष्णुदयाल राम ने बैठक में मिले आश्वासन की पुष्टि भी की। फिलहाल राजधानी एक्सप्रेस इस क्षेत्र से सप्ताह में केवल दो दिन गुजरती है, जिसे बढ़ाकर तीन दिन किया जाएगा। वहीं, पलामू क्षेत्र के लिए जीवनरेखा मानी जाने वाली झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस को दोबारा पटरी पर लाने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी।