जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय और जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने सोमवार को मानगो नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों की एक अहम श्रृंखला का शुभारंभ किया। नगर विकास विभाग के अंतर्गत 6 करोड़ 14 लाख रुपये से अधिक की लागत वाली कुल 54 योजनाओं का संयुक्त रूप से शिलान्यास मानगो नगर निगम कार्यालय परिसर में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी बड़ा कदम उठाया गया। 15वें वित्त आयोग की राशि से 3 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई 25 ऑटो टिपर वाहनों को डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इससे मानगो नगर निगम क्षेत्र में कचरा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस मौके पर विधायक सरयू राय ने मानगो के प्रशासनिक सफर को याद करते हुए कहा कि पहले यह क्षेत्र मानगो अधिसूचित क्षेत्र समिति (अक्षेस) के रूप में जाना जाता था, जहां नगर निगम के मुकाबले बहुत सीमित संसाधन मिलते थे। उन्होंने बताया कि मानगो को नगर निगम का दर्जा दिलाने के लिए जनआंदोलन किए गए, जिसमें कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता का व्यापक सहयोग मिला। लंबे संघर्ष के बाद मानगो को नगर निगम बनाया जा सका।
सरयू राय ने कहा कि अब जब यहां निर्वाचित निकाय बनेगा, तो विकास के लिए अधिक धन उपलब्ध होगा और कामों की गति तेज होगी। उन्होंने जानकारी दी कि कुछ बड़ी योजनाएं सरकार के पास स्वीकृति के लिए भेजी गई हैं, जिन्हें मंजूरी मिलते ही उन पर भी काम शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने एनएच-33 पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर का जिक्र करते हुए कहा कि यह परियोजना भी जनता और कार्यकर्ताओं के लगातार संघर्ष का परिणाम है। एनएचएआई कार्यालय तक आंदोलन और कानूनी लड़ाई के बाद ही इस योजना को हरी झंडी मिली।
विधायक ने कहा कि मानगो के नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना शुरू से उनकी प्राथमिकता रही है। पेयजल संकट का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि पहले इलाके में पानी की भारी समस्या थी, जिसके समाधान के लिए घर-घर जलापूर्ति की व्यवस्था शुरू कराई गई। हालांकि कुछ बस्तियों में अब भी पानी नहीं पहुंच पा रहा है, लेकिन बालीगुमा जलमीनार के चालू होते ही अगले मई-जून से पहले हर घर तक पर्याप्त पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य है।
बिजली व्यवस्था पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि मानगो क्षेत्र में सब-स्टेशन की स्थापना कराई गई और अलग कार्यपालक अभियंता कार्यालय खुलवाया गया, ताकि बिजली से जुड़े कामों के लिए लोगों को करनडीह नहीं जाना पड़े। उन्होंने कहा कि ये सभी उपलब्धियां जनआंदोलन के जरिए हासिल हुई हैं, जिसका श्रेय मानगो की जनता और एनडीए कार्यकर्ताओं को जाता है।
अपने संबोधन के अंत में सरयू राय ने कहा कि उनका लक्ष्य मानगो को स्वच्छ, सुंदर और सुविधासंपन्न बनाना है। सड़कों और गलियों में पर्याप्त रोशनी, बेहतर सफाई व्यवस्था और प्रभावी डोर-टू-डोर कचरा उठाव लागू होने पर मानगो की तुलना टाटा कमांड क्षेत्र से की जा सकेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी समस्या या सुझाव के लिए वे व्हाट्सएप नंबर 8877537777 पर संपर्क करें।