लातेहार : भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे होम गार्ड निरीक्षक प्रकाश रंजन, SIT जांच में आरोप साबित

लातेहार : भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे होम गार्ड निरीक्षक प्रकाश रंजन, SIT जांच में आरोप साबित

लातेहार : भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे होम गार्ड निरीक्षक प्रकाश रंजन, SIT जांच में आरोप साबित
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: Apr 02, 2026, 10:35:00 AM

झारखंड के लातेहार जिले में होमगार्ड विभाग से जुड़ा एक मामला तूल पकड़ता जा रहा है, जहां तत्कालीन कंपनी कमांडर प्रकाश रंजन पर लगे भ्रष्टाचार और नियमों के उल्लंघन के आरोपों की आधिकारिक जांच शुरू कर दी गई है। शिकायत मिलने के बाद होमगार्ड मुख्यालय ने इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए कई बार विशेष जांच दल (SIT) गठित किया।

विभागीय सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच पूरी होने पर शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों को सही पाया गया है। जांच में यह संकेत मिले हैं कि प्रकाश रंजन ने अपने पद का दुरुपयोग किया और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया। इसके बाद उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और उनसे औपचारिक स्पष्टीकरण मांगा गया है।

इस पूरे मामले का एक चौंकाने वाला पहलू यह भी है कि जब आरोपों की जांच जारी थी, उसी दौरान प्रकाश रंजन को कंपनी कमांडर से पदोन्नत कर निरीक्षक बना दिया गया। हालांकि, इस घटनाक्रम के बावजूद शिकायतकर्ता राजीव कुमार तिवारी ने अपनी लड़ाई जारी रखी और मामले की निष्पक्ष जांच के लिए लगातार प्रयास करते रहे। जानकारी के मुताबिक, पहले गठित तीन जांच दल विभिन्न कारणों से अपनी रिपोर्ट पूरी नहीं कर सके थे, जिससे जांच प्रक्रिया लंबी खिंचती रही।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि मामले को दबाने के लिए उन पर दबाव बनाने की कोशिश भी की गई। बताया जाता है कि प्रकाश रंजन की ओर से उनके खिलाफ कथित रूप से झूठे आरोप लगाकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई, ताकि उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा सके। इसके बावजूद, राजीव कुमार तिवारी ने अपनी शिकायत वापस नहीं ली और जांच को अंजाम तक पहुंचाने में डटे रहे।