लातेहार : कैमा गांव में जमीन सर्वे को लेकर बवाल, ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को घंटो बनाये रखा बंधक

लातेहार : कैमा गांव में जमीन सर्वे को लेकर बवाल, ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को घंटो बनाये रखा बंधक

लातेहार : कैमा गांव में जमीन सर्वे को लेकर बवाल, ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को घंटो बनाये रखा बंधक
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: Mar 06, 2026, 10:53:00 AM

झारखंड के लातेहार जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित कैमा गांव में गुरुवार को जमीन सर्वे को लेकर माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। ड्रोन कैमरे से किए जा रहे सर्वे का ग्रामीणों ने विरोध किया, जिसके बाद गांव में पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच टकराव की स्थिति बन गई।

मामले के दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा, एएसआई राकेश कुमार सहित आठ पुलिसकर्मियों को घेर लिया और कई घंटों तक उन्हें गांव में ही रोके रखा। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अरविंद कुमार, इंस्पेक्टर और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

बताया जाता है कि इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस पर पत्थरबाजी भी की। हालात को काबू में करने और जवानों को सुरक्षित निकालने के लिए पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद पुलिस टीम वहां से निकल सकी और स्थिति को धीरे-धीरे नियंत्रित किया गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन बिना ग्रामसभा की अनुमति के ड्रोन के माध्यम से जमीन का सर्वे करवा रहा था, जो पेसा कानून के प्रावधानों के खिलाफ है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब एक माह पहले भी गांव के पास ड्रोन उड़ाने का उन्होंने विरोध जताया था।

हालांकि इस मामले में लातेहार के एसडीएम अजय कुमार रजक का कहना है कि यह केवल मामूली विवाद था, जिसे बातचीत के जरिए सुलझा लिया गया है। उन्होंने पुलिस द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने की बात से भी इनकार किया है।