मधुबन के पास खाई में पलटी पिकअप, चालक बाल-बाल बचा
नाला-दुमका मुख्य मार्ग पर मधुबन गांव के पास शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा पलटी। गनीमत रही कि इस हादसे में चालक की जान बच गई।

जामताड़ा : नाला-दुमका मुख्य मार्ग पर मधुबन गांव के पास शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा पलटी। गनीमत रही कि इस हादसे में चालक की जान बच गई। घटना में किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। बताया जा रहा है कि पिकअप कुलडंगाल की तरफ से नगरी गांव की ओर जा रही थी। मधुबन के पास सड़क पर बने जोड़िया के कलवर्ट के समीप पहुंचते ही सामने खतरनाक मोड़ और चढ़ाई वाला हिस्सा आ गया।
चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते पिकअप सड़क की सीमा पार कर नीचे खाई में जा गिरी
इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते पिकअप सड़क की सीमा पार कर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। वाहन में केवल चालक मौजूद था, जो सुरक्षित बाहर निकल आया। लोगों ने राहत की सांस ली। घटना की सूचना मिलते ही नाला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। सहायक पुलिस अवर निरीक्षक निताई दास पुलिस जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त वाहन का जायजा लिया। इसके बाद खाई में फंसी पिकअप को बाहर निकलवाने के लिए आवश्यक व्यवस्था की गई।
ऐसे स्थानों पर वाहन चालकों को रफ्तार पर नियंत्रण रखते हुए सावधानी से गुजरना चाहिए - स्थानीय लोग
इस हादसे ने एक बार फिर मधुबन के पास सड़क के खतरनाक मोड़ और कलवर्ट वाले हिस्से को लेकर सतर्कता की जरूरत उजागर कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे स्थानों पर वाहन चालकों को रफ्तार पर नियंत्रण रखते हुए सावधानी से गुजरना चाहिए, ताकि किसी दिन यह जगह किसी बड़ी दुर्घटना का कारण न बन जाए।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट













