झारखंड के गिरिडीह जिले के राजधनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत खेरीडीह गांव में अवैध पत्थर खनन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि “वारिश स्टोन” नाम की खदान में प्रतिबंध के बावजूद लगातार खनन गतिविधियां जारी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद इस पर प्रभावी रोक नहीं लग पाई है।
जानकारी के अनुसार कोडरमा स्थित डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ माइंस सेफ्टी (DGMS) ने इस खदान में खनन कार्य पर पहले ही रोक लगा दी थी। इसके बाद गिरिडीह के जिला खनन पदाधिकारी (DMO) ने मामले को गंभीर मानते हुए राजधनवार थाना और खोरीमहुआ के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) को जांच कर कार्रवाई करने और प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश भी दिया था। हालांकि स्थानीय स्तर पर खनन गतिविधियां अब भी जारी रहने की बात सामने आ रही है।

विस्फोटक मंगाने की सूचना से बढ़ी चिंता
ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार, 6 मार्च 2026 को खदान में अवैध रूप से करीब पांच कार्टून विस्फोटक सामग्री मंगाई गई है। आशंका जताई जा रही है कि इनका उपयोग पत्थर तोड़ने के लिए किया जा सकता है। ग्रामीणों ने इस संबंध में प्रशासन को सूचना देकर तुरंत कार्रवाई की मांग की है।
खनन से परेशान हैं आसपास के लोग
खेरीडीह गांव के निवासियों का कहना है कि खदान में होने वाले धमाकों और भारी मशीनों की आवाज से इलाके में रहने वाले लोगों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ती है। उनका आरोप है कि इससे पर्यावरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद खनन कार्य पर रोक नहीं लगाई जा रही है।
अवैध खनन पर रोक के लिए टास्क फोर्स गठित
जिले में अवैध खनन और बालू के अवैध उत्खनन को रोकने के लिए गिरिडीह के उपायुक्त राम निवास यादव ने एक विशेष टास्क फोर्स का गठन किया है। प्रशासन ने इस मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं, फिर भी कई स्थानों से अवैध खनन जारी रहने की शिकायतें मिल रही हैं।