दुमका : फिटकोरिया में अलाव की चपेट में आने से दो बुजुर्ग महिलाओं की मौ*त

दुमका : फिटकोरिया में अलाव की चपेट में आने से दो बुजुर्ग महिलाओं की मौ*त

दुमका : फिटकोरिया में अलाव की चपेट में आने से दो बुजुर्ग महिलाओं की मौ*त
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: Dec 16, 2025, 11:17:00 AM

दुमका जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित फिटकोरिया गांव में ठंड से बचने के लिए जलाए गए अलाव ने दो वृद्ध महिलाओं की जान ले ली। रविवार रात करीब 10 बजे हुए इस दर्दनाक हादसे में आग की चपेट में आने से दोनों महिलाएं बुरी तरह झुलस गईं और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।

मृतकों की पहचान 65 वर्षीय मेघिया देवी, पति पचु सिंह पहाड़िया, और 55 वर्षीय बृहस्पतिया देवी, पति रवि सिंह पहाड़िया, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं एक कमरे में अलाव जलाकर ठंड से बचने की कोशिश कर रही थीं। इसी दौरान झपकी लगने की आशंका है, जिससे उनके कपड़ों में आग लग गई और वे संभल नहीं सकीं।

घटना की सूचना परिजनों ने सोमवार दोपहर मुफस्सिल थाना को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सत्यम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। प्रारंभिक जांच में किसी तरह की साजिश या बाहरी हस्तक्षेप के संकेत नहीं मिले हैं। परिजनों की ओर से भी कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

पुलिस के अनुसार, मेघिया देवी अपने घर के पास रहने वाली बृहस्पतिया देवी के यहां गई थीं, जहां कमरे के भीतर अलाव जल रहा था। ठंड के कारण दोनों आग के पास बैठी थीं और संभवतः इसी दौरान हादसा हो गया।

शाम हो जाने के कारण सोमवार को पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर सुरक्षित रख लिया है, जिनका पोस्टमार्टम मंगलवार को कराया जाएगा।

इस घटना पर दुमका के पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर यह ठंड से बचने के दौरान हुआ हादसा प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से दुमका सहित आसपास के इलाकों में ठंड में लगातार इजाफा हुआ है, जिसके चलते लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। यह घटना ठंड के मौसम में बरती जाने वाली सावधानियों की अहमियत को भी रेखांकित करती है।