झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने बुधवार को धनबाद में अपना 54वां स्थापना दिवस मनाया। हालांकि इस बार आयोजन में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की गैरमौजूदगी के कारण कार्यक्रम का माहौल कुछ अलग नजर आया और कार्यकर्ताओं के बीच उनके न होने की चर्चा प्रमुख रही।
JMM की स्थापना 4 फरवरी 1973 को धनबाद में हुई थी। इसी ऐतिहासिक दिन को यादगार बनाने के लिए धनबाद के रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) में स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया। स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रांची से धनबाद पहुंचे। धनबाद हवाई पट्टी पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उनके साथ मंत्री हाफिजुल हसन भी मौजूद रहे।
समारोह में उठी भारत रत्न की मांग
कार्यक्रम के दौरान टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने जनसभा को संबोधित करते हुए दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब गुरुजी स्थापना दिवस समारोह में शामिल नहीं हो सके।अपने भाषण में उन्होंने यह भी घोषणा की कि वे धनबाद से लेकर विधानसभा और केंद्र सरकार तक एक आंदोलन शुरू करेंगे, ताकि शिबू सोरेन को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित कराया जा सके।