धनबाद के सेंट्रल अस्पताल में नाबालिग से दु*ष्कर्म का आरोप, पीड़िता के बयान पर केस दर्ज

धनबाद के सेंट्रल अस्पताल में नाबालिग से दु*ष्कर्म का आरोप, पीड़िता के बयान पर केस दर्ज

धनबाद के सेंट्रल अस्पताल में नाबालिग से दु*ष्कर्म का आरोप, पीड़िता के बयान पर केस दर्ज
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: Mar 06, 2026, 12:07:00 PM

धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित सेंट्रल अस्पताल में एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में पूरी घटना का खुलासा किया, जिसके आधार पर आरोपी दीपक मुंडा उर्फ अजय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है।

पीड़िता के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 7 बजे आरोपी ने उसे धमकी दी थी कि अगर वह इस बार उससे मिलने नहीं आई तो परिणाम ठीक नहीं होंगे। आरोपी ने उसे अस्पताल परिसर में ओपीडी के पास मिलने के लिए बुलाया था। लड़की ने पुलिस को बताया कि इससे पहले भी आरोपी कई बार उससे मिलने के लिए दबाव बना चुका था, लेकिन वह हर बार मना कर देती थी।

धमकी से डरी पीड़िता अंततः ओपीडी के पास उससे मिलने पहुंच गई। वहां पहुंचने के कुछ देर बाद जब दीपक मुंडा आया तो उसने कथित तौर पर पहले उसे कुछ सुंघाकर बेहोश कर दिया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। होश आने पर पीड़िता ने खुद को अस्पताल के बाथरूम में पाया। उसके कपड़े फटे हुए थे और शरीर पर कई जगह दांत से काटने के निशान थे।

अपनी हालत देखकर वह घबरा गई और दरवाजा खटखटाने लगी। आवाज सुनकर एक महिला ने बाथरूम का दरवाजा खोला। पीड़िता ने उसी महिला के मोबाइल फोन से अपने घरवालों को कॉल कर पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे।

पीड़िता के बयान के आधार पर गुरुवार को सरायढेला थाना में आरोपी दीपक मुंडा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की गतिविधियों के बारे में जानकारी मिल सके।

वहीं, इस घटना के सामने आने के बाद बीसीसीएल प्रबंधन ने भी संज्ञान लिया है। प्रबंधन ने कहा है कि पूरे मामले की जांच के लिए जल्द ही एक कमेटी गठित की जाएगी, जो घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करेगी।