देवघर में नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी तेज, दावेदारों ने तेज किया जनसंपर्क अभियान

देवघर में नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी तेज, दावेदारों ने तेज किया जनसंपर्क अभियान

देवघर में नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी तेज, दावेदारों ने तेज किया जनसंपर्क अभियान
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: Jan 30, 2026, 1:34:00 PM

झारखंड में नगर निकाय चुनाव की घोषणा के साथ ही राजनीतिक गतिविधियों में तेजी आ गई है। देवघर जिले में भी चुनावी माहौल अब पूरी तरह गर्मा चुका है। निर्वाचन आयोग द्वारा तिथियों की घोषणा होते ही मेयर और वार्ड पार्षद पद के इच्छुक प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क में जुट गए हैं।

मेयर पद के संभावित उम्मीदवार बाबा बलियासे खुद को लंबे समय से सामाजिक सेवा से जुड़ा हुआ बताते हैं। उनका कहना है कि वे वर्षों से आम लोगों के बीच रहकर सेवा कार्य करते आ रहे हैं। कोरोना महामारी के दौर से लेकर सामान्य समय तक उन्होंने जरूरतमंदों की मदद को प्राथमिकता दी। समाज सेवा को वे अपने परिवार की विरासत बताते हुए दावा करते हैं कि जनता उनके कार्यों को अच्छी तरह जानती है और यही भरोसा चुनाव नतीजों में झलकेगा।

वहीं मेयर पद की दौड़ में शामिल दूसरे संभावित प्रत्याशी सूरज झा ने भी खुद को सक्रिय समाजसेवी बताते हुए कहा कि वे चुनाव से पहले भी लगातार जनता के संपर्क में रहे हैं। सूरज झा ने अपनी प्राथमिकताएं गिनाते हुए कहा कि यदि उन्हें मेयर बनने का अवसर मिला तो शहर में युवाओं के लिए रोजगार सृजन, पेयजल समस्या का समाधान और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी। इसके अलावा उन्होंने प्रत्येक वार्ड में पुस्तकालय, बच्चों के लिए खेल मैदान, वरिष्ठ नागरिकों के लिए पार्क और सड़कों पर सोलर लाइट लगाने की योजना का भी उल्लेख किया।

उधर, वार्ड पार्षद पद की संभावित प्रत्याशी शैलजा देवी ने बताया कि वे पूर्व में भी जनसेवा कर चुकी हैं और पार्षद रहते हुए उन्हें लोगों का भरपूर सहयोग मिला है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस बार भी जनता का समर्थन उन्हें मिलेगा और वे एक बार फिर वार्ड के विकास के लिए काम करने का मौका पाएंगी।

संभावित उम्मीदवारों का कहना है कि भले ही चुनावी समय सीमित हो, लेकिन निर्वाचन आयोग द्वारा दिया गया समय जनसंपर्क और प्रचार के लिए पर्याप्त है। सभी दावेदार अपने-अपने वार्ड और क्षेत्रों में सक्रिय रूप से पहुंच चुके हैं।