बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) के विस्तारीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ने पर शहर में खुशी का माहौल है। इस उपलब्धि को लेकर बोकारो वेलफेयर सिविल सोसायटी के बैनर तले पिछले कई महीनों से अभियान चला रहे कुमार अमित ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सेक्टर–2 स्थित अम्बे गार्डन में नागरिक अभिनंदन समारोह सह प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों से आए लोगों ने अभियान के संयोजक कुमार अमित का सम्मान किया।
कार्यक्रम के दौरान कुमार अमित ने बताया कि बीते सात महीनों से चल रहे जनआंदोलन के तहत बोकारो के लगभग 50 हजार नागरिकों ने बीएसएल के विस्तारीकरण और बोकारो जनरल हॉस्पिटल (बीजीएच) को सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में परिवर्तित करने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री को पोस्टकार्ड भेजे। इसके अलावा केंद्रीय मंत्रियों, झारखंड के राज्यपाल, नेता प्रतिपक्ष, पूर्व मुख्यमंत्रियों, सांसदों और प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर परियोजना पर लगे स्थगन को हटाने की मांग लगातार उठाई गई।
उन्होंने कहा कि इस अभियान को राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर व्यापक समर्थन मिला। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित कई सांसदों ने स्वयं प्रधानमंत्री को पत्र और पोस्टकार्ड लिखकर समर्थन दिया। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने केंद्रीय इस्पात मंत्री से कई बार मुलाकात कर बोकारो के पक्ष को मजबूती से रखा। इन सामूहिक प्रयासों का परिणाम यह रहा कि बीएसएल विस्तारीकरण पर लगी रोक हटी और परियोजना के लिए रास्ता साफ हुआ।
कुमार अमित ने इस सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल संतोष गंगवार, केंद्रीय इस्पात मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी, भूपति राजु श्रीनिवास वर्मा, बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहु, सांसद ढुल्लू महतो, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, प्रदीप वर्मा, चतरा सांसद कालीचरण सिंह, केंद्रीय इस्पात सचिव संदीप पौण्ड्रिक सहित कई पूर्व और वर्तमान प्रशासनिक अधिकारियों, बीएसएल प्रबंधन, बोकारो के नागरिकों और मीडिया के प्रति आभार जताया।
प्रेस वार्ता में उन्होंने यह भी घोषणा की कि बोकारो वेलफेयर सिविल सोसायटी आगे चलकर बोकारो एयरपोर्ट और प्रस्तावित इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के लिए भी इसी तरह का पोस्टकार्ड अभियान शुरू करेगी। साथ ही बीजीएच को सुपरस्पेशलिटी अस्पताल बनाने की मांग को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने विस्तारीकरण के लाभों पर प्रकाश डाला। ऑफिसर एसोसिएशन के अध्यक्ष ए.के. सिंह ने समाज से सकारात्मक सहयोग की अपील की। सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी जितेंद्र सिंह ने कहा कि इस परियोजना से हजारों करोड़ रुपये का निवेश आएगा और बोकारो का तेज़ी से विकास होगा। चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ के नरेंद्र सिंह ने इसे आर्थिक संभावनाओं का द्वार बताया। वहीं, विस्थापित परिवार से पहले बीएसएल अधिकारी बने सेवानिवृत्त उपमहाप्रबंधक प्रद्युम्न साव ने कहा कि इससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा।
श्रमिक संगठनों और विस्थापित नेताओं ने भी उम्मीद जताई कि विस्तारीकरण से मजदूरों की छंटनी रुकेगी और विस्थापित बेरोजगारों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। कार्यक्रम का संचालन अतुल कुमार सिंह ने किया। इस मौके पर विभिन्न सामाजिक, श्रमिक, व्यापारी, महिला, युवा और पूर्व सैनिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।