मंत्री निशांत ने कहा- बिहार को TB मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी गंभीरता के साथ कर रहा है काम
बिहार लोक भवन में 'टीबी मुक्त भारत अभियान' के तहत आयोजित 'टीबी मुक्त बिहार उच्चस्तरीय विचार-विमर्श संगोष्ठी' का आयोजन किया गया।

पटना : बिहार लोक भवन में 'टीबी मुक्त भारत अभियान' के तहत आयोजित 'टीबी मुक्त बिहार उच्चस्तरीय विचार-विमर्श संगोष्ठी' का आयोजन किया गया। महामहिम राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) की गरिमामयी उपस्थिति में टीबी की समय पर पहचान, जांच एवं उपचार, मरीजों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और उपचार के प्रति नियमितता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। इसमें बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी मौजूद रहे।
TB मुक्त बिहार के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है - स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार
स्वास्थ्य विभाग के मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने, नई तकनीकों के प्रभावी उपयोग तथा विभिन्न संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय के साथ जनभागीदारी को बढ़ावा देने पर भी विचार-विमर्श किया गया। टीबी मुक्त बिहार के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक मरीज तक समय पर जांच, उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचें।

अबतक करीब तीन करोड़ 50 लाख लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है - मंत्री निशांत
मंत्री निशांत ने कहा कि बिहार को टीबी मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी गंभीरता के साथ काम कर रहा है। इस अभियान में राज्यपाल का सहयोग और मार्गदर्शन हमें लगातार मिलता रहा है। मैं आश्वस्त हूं कि आगे भी उनका मार्गदर्शन, सुझाव और निर्देश हमें मिलता रहेगा। अबतक करीब तीन करोड़ 50 लाख लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है, जिसमें तीन लाख 97 हजार टीबी मरीजों की पहचान हुई है और उनका इलाज लगातार जारी है। स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह इस अभियान में जुटा है। आने वाले समय में टीबी उन्मूलन अभियान को और तेज और प्रभावी बनाते हुए, उपलब्ध हर संसाधन का उपयोग कर बिहार को टीबी मुक्त बनाने का संकल्प पूरा करेंगे।










