BPSC 72वीं परीक्षा 2026 का नोटिफिकेशन जारी, आवेदन 7 मई से शुरू, RO, BDO, SDM समेत 1230 पदों पर भर्ती

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 72वीं संयुक्त (प्रीलिम्स) प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। आयोग ने इसको लेकर आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस नोटिफिकेशन के अनुसार कुल 1230 पदों पर भर्ती होगी।

 BPSC 72वीं परीक्षा 2026 का नोटिफिकेशन जारी, आवेदन 7 मई से शुरू, RO, BDO, SDM समेत 1230 पदों पर भर्ती
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
: May 05, 2026, 5:13:00 PM

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 72वीं संयुक्त (प्रीलिम्स) प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। आयोग ने इसको लेकर आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस नोटिफिकेशन के अनुसार कुल 1230 पदों पर भर्ती होगी। आयोग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 7 मई 2026 से शुरू होगी। जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित की गई है।

आयोग की नोटिफिकेशन के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 7 मई 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 31 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।  इच्छुक अभ्यर्थी BPSC की आधिकारिक वेबसाइट  bpsc.bihar.gov.in पर जाकर विस्तृत जानकारी और आवेदन प्रक्रिया देख सकते हैं। निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा, इसलिए उम्मीदवारों को समय पर प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है। नोटिस में यह भी बताया गया है कि प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन जुलाई माह में संभावित है।

आयोग ने उम्मीदवारों को निर्देश दिया है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर विस्तृत विज्ञापन जरूर पढ़ें। सभी जरूरी जानकारी और दिशा-निर्देशों को समझने के बाद ही आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि किसी प्रकार की गलती से बचा जा सके। हर उम्मीदवार को प्रत्येक परीक्षा के लिए अलग-अलग 100 रुपये परीक्षा शुल्क देना होगा। यह शुल्क 72वीं CCE, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, FAO और अनुमंडल संरक्षण पदाधिकारी सभी परीक्षाओं पर लागू होगा। अगर कोई उम्मीदवार एक से ज्यादा परीक्षा के लिए आवेदन करता है, तो उसे हर परीक्षा के लिए अलग-अलग शुल्क देना होगा।

बता दें कि इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक और विभागीय पद शामिल हैं। इनमें सबसे ज्यादा पद राजस्व अधिकारी (RO) के लिए 365 हैं। इसके अलावा सहकारिता प्रसार पदाधिकारी के 130 पद, अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी (केवल महिलाओं के लिए) 101 पद, SDM/SDO के 100 पद और BDO के 65 पद शामिल हैं। अन्य प्रमुख पदों में DSP (22), नगर कार्यपालक पदाधिकारी (54), श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी (56), आपूर्ति निरीक्षक (31), CDPO (20), ईंख पदाधिकारी (44) और वित्तीय प्रशासनिक पदाधिकारी (32) जैसे पद भी शामिल हैं। वहीं 1230 पदों में से 1077 पद सामान्य श्रेणी के हैं, जिनमें 344 पद महिलाओं के लिए आरक्षित रखे गए हैं। वहीं 153 पद विशेष श्रेणी के हैं, जिनमें 15 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। 

आपको बता दें कि बीपीएससी 72वीं एसएसई के लिए 1 जुलाई, 2026 तक कैंडिडेट की न्यूनतम उम्र सेवावार 20 वर्ष, 21 वर्ष एवं 22 वर्ष होनी चाहिए। अधिकतम आयु अनारक्षित (पुरुष) के लिए 37 वर्ष, अनारक्षित (महिला), पिछड़ा वर्ग एवं अत्यन्त पिछड़ा वर्ग (पुरुष एवं महिला) के लिए 40 वर्ष तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (पुरुष एवं महिला) के लिए 42 वर्ष निर्धारित है। बीपीएससी 72वीं सीसीई 2026 चयन प्रक्रिया में प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार चरण शामिल है। 72वीं सीसीई प्रीलिम्स में सफल कैंडिडेट ही मेन्स एग्जाम में उपस्थित होने के लिए पात्र होंगे। परीक्षा ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी।

बतातें चले कि प्रारंभिक परीक्षा (PT) 150 अंकों की वस्तुनिष्ठ (Objective) परीक्षा होगी, जिसके लिए 2 घंटे का समय मिलेगा। इसमें 1/3 नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान है। यदि अभ्यर्थी किसी प्रश्न का उत्तर नहीं देना चाहता, तो उसे विकल्प (E) चुनना अनिवार्य होगा। पीटी केवल एक जांच परीक्षा है, जिसके आधार पर मुख्य परीक्षा के लिए रिक्तियों के 10 गुना उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। मुख्य परीक्षा और इंटरव्यूः मुख्य परीक्षा में सामान्य हिंदी (क्वालीफाइंग), सामान्य अध्ययन के दो पत्र और निबंध (300-300 अंक) शामिल होंगे। इसके अलावा, एक वैकल्पिक विषय की परीक्षा वस्तुनिष्ठ (MCQ) आधारित होगी, जिसके अंक मेरिट लिस्ट में नहीं जुड़ेंगे।