पटना पुलिस का बड़ा एक्शन, टॉप-10 फरार बदमाशों पर 25-25 हजार के इनाम की घोषणा

पटना पुलिस का बड़ा एक्शन, टॉप-10 फरार बदमाशों पर 25-25 हजार के इनाम की घोषणा

पटना पुलिस का बड़ा एक्शन, टॉप-10 फरार बदमाशों पर 25-25 हजार के इनाम की घोषणा
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: Jan 21, 2026, 2:17:00 PM

बिहार, खासकर राजधानी पटना में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। वारदात को अंजाम देकर बेखौफ घूम रहे अपराधियों के खिलाफ अब पटना पुलिस ने निर्णायक कार्रवाई की तैयारी कर ली है। इसी क्रम में जिले के दस कुख्यात और लंबे समय से फरार अपराधियों पर इनाम घोषित किया गया है।

पुलिस ने इन सभी अपराधियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम रखा है। इस तरह कुल ढाई लाख रुपये की इनामी राशि घोषित की गई है। इन पर हत्या, लूट, डकैती, छिनतई और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर आरोप विभिन्न थानों में दर्ज हैं।

यह इनाम एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा की अनुशंसा पर पटना रेंज के आईजी जितेंद्र राणा द्वारा घोषित किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इन अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार छापेमारी और तकनीकी निगरानी में जुटी हैं। पुलिस का मानना है कि इनकी गिरफ्तारी से न सिर्फ पटना बल्कि आसपास के इलाकों में भी कानून-व्यवस्था मजबूत होगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। किसी भी तरह की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को अवगत कराने को कहा गया है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

इन 10 फरार अपराधियों पर घोषित किया गया इनाम

  • राजेश कुमार उर्फ राजेश सिंह – मोकामा थाना कांड संख्या 90/2016, हत्या व लूट का आरोपी

  • सुजीत कुमार उर्फ सुजीत मंडल – पालीगंज/खिड़ीमोड़ थाना कांड संख्या 99/2025, हत्या का मामला

  • अरविंद महतो उर्फ भगत जी – बाढ़ थाना कांड संख्या 08/2026, कई संगीन मामलों में संलिप्त

  • संजय कुमार उर्फ संतोष कुमार उर्फ संतोष डॉन – खुशरूपुर थाना कांड संख्या 384/2025, हत्या और डकैती

  • सुजीत कुमार उर्फ बुखार – फतुहा थाना कांड संख्या 535/2023, आर्म्स एक्ट व लूट

  • अविनाश कुमार – सालिमपुर थाना कांड संख्या 250/2025, हत्या, लूट और डकैती

  • बिरू राय – बख्तियारपुर थाना कांड संख्या 339/2025, कई आपराधिक घटनाओं में वांछित

  • राजा नट – परसा थाना कांड संख्या 356/2025, डकैती, लूट और हत्या

  • रविंद्र गोप – खुशरूपुर थाना कांड संख्या 309/2028, हत्या का आरोपी

  • शहबाज आलम उर्फ परवेज – हवाई अड्डा थाना कांड संख्या 215/2015, लूट व आर्म्स एक्ट; शेखपुरा और महुआबाग क्षेत्र में कई वारदातें