नालंदा में इंटर परीक्षा के दौरान छात्र बेहोश, समय पर इलाज से बची जान

नालंदा जिले से इंटर परीक्षा के दौरान एक छात्र की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। मंगलवार को इंटरमीडिएट परीक्षा के दूसरे दिन परीक्षा हॉल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई,

नालंदा में इंटर परीक्षा के दौरान छात्र बेहोश, समय पर इलाज से बची जान
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
: Feb 03, 2026, 3:57:00 PM

नालंदा जिले से इंटर परीक्षा के दौरान एक छात्र की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। मंगलवार को इंटरमीडिएट परीक्षा के दूसरे दिन परीक्षा हॉल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक छात्र अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। हालांकि, मौके पर मौजूद वीक्षकों की सूझबूझ से छात्र को समय रहते इलाज मिल सका।

घटना सोहसराय स्थित पीसीपी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र की है। जानकारी के अनुसार छबीलापुर निवासी रामदेव चौधरी के पुत्र अंकित कुमार पहली पाली में गणित विषय की परीक्षा देने पहुंचे थे। परीक्षा शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद, जैसे ही प्रश्न पत्र का वितरण हुआ, छात्र को अचानक घबराहट महसूस होने लगी।

देखते ही देखते अंकित अपनी सीट पर ही चक्कर खाकर गिर पड़े और बेहोश हो गए। अचानक हुई इस घटना से परीक्षा हॉल में मौजूद अन्य छात्र घबरा गए और कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई। हालांकि, वीक्षकों ने संयम और तत्परता दिखाते हुए हालात को काबू में लिया।

घटना की सूचना तत्काल परीक्षा नियंत्रक को दी गई। बिना किसी देरी के एंबुलेंस मंगवाई गई और अचेत अवस्था में छात्र को बिहार शरीफ सदर अस्पताल, जिसे मॉडल अस्पताल भी कहा जाता है, भेजा गया। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने छात्र का इलाज शुरू किया और प्राथमिक उपचार दिया।

डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल छात्र की स्थिति स्थिर है और खतरे की कोई बात नहीं है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि परीक्षा का दबाव, मानसिक तनाव या शारीरिक कमजोरी की वजह से छात्र की तबीयत बिगड़ी।

इस घटना ने एक बार फिर परीक्षा के दौरान छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, प्रशासन और वीक्षकों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।