मार्च की शुरुआत में ही अप्रैल-मई जैसी गर्मी, न्यूनतम तापमान सामान्य से 7.9 डिग्री ज्यादा

राज्यभर में पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। राजधानी पटना में रविवार को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 2.5 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया

मार्च की शुरुआत में ही अप्रैल-मई जैसी गर्मी, न्यूनतम तापमान सामान्य से 7.9 डिग्री ज्यादा
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
: Mar 09, 2026, 9:08:00 AM

राज्यभर में पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। राजधानी पटना में रविवार को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 2.5 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग 7.9 डिग्री ज्यादा है। मार्च की शुरुआत में ही लोगों को अप्रैल-मई जैसी गर्मी का एहसास होने लगा है।

दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दोपहर के समय गर्मी का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है। हालांकि इस बीच मौसम में हल्के बदलाव के संकेत भी मिलने लगे हैं।

दरअसल, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर बने ऊपरी चक्रवाती परिसंचरण और पूर्वी भारत में विकसित ट्रफ रेखा के कारण वायुमंडल में हल्की अस्थिरता बन रही है। इन मौसम प्रणालियों का प्रभाव आने वाले दिनों में देखने को मिल सकता है।

भारतीय मौसम विभाग के पटना केंद्र के मुताबिक, इन मौसम प्रणालियों का मुख्य असर हिमालयी क्षेत्रों में ज्यादा रहेगा, लेकिन बिहार के मौसम में भी हल्का बदलाव संभव है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 9 से 11 मार्च के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।

इसके साथ ही कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना भी जताई गई है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम फिलहाल शुष्क ही बना रहेगा और तापमान में भी ज्यादा गिरावट की उम्मीद नहीं है।