बिहार में पहाड़ों से आ रही बर्फीली पछुआ हवा ने ठंड का असर और तेज कर दिया है। पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और लोगों को हाड़ कंपाने वाली सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार चल रही ठंडी हवा के कारण राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पछुआ हवा के प्रभाव से प्रदेश के 5 जिलों में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि 11 जिलों में तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया है। ठंड के इस बढ़ते प्रकोप को देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी सोमवार को पूरे बिहार में कोल्ड-डे और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने राज्य के 24 जिलों में घने कोहरे और कोल्ड-डे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 14 जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है। घने कोहरे की वजह से सड़क और रेल यातायात पर भी असर देखने को मिल रहा है। सुबह के समय कई इलाकों में विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान समस्तीपुर, खगड़िया, बेगूसराय और सुपौल में घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी शून्य के करीब पहुंच गई। वहीं भागलपुर, समस्तीपुर और शेखपुरा में न्यूनतम तापमान लगभग 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान माना जा रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 10 दिनों तक ठंड से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं 20 और 21 जनवरी को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के भी आसार हैं, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।