बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव: 26 वां राउंड समाप्त, लालू प्रसाद यादव को 74 और नीतीश कुमार को 127 वोट
बांकीपुर विधानसभा सीट के लिए संपन्न उप चुनाव में अब मतगणना के बाद तस्वीर धीरे धीरे साफ हो चुकी है। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने तमाम कयासों को दरकिनार करते हुए लगातार बढत बनाएं हुए हैं।

बांकीपुर विधानसभा सीट के लिए संपन्न उप चुनाव में अब मतगणना के बाद तस्वीर धीरे धीरे साफ हो चुकी है। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने तमाम कयासों को दरकिनार करते हुए लगातार बढत बनाएं हुए हैं। वहीं दूसरी तरफ अप्रत्याशित तरीके से बीजेपी खेमे में लगातार पिछडने को लेकर चर्चा तेज है। जबकि पिछले विधानसभा चुनाव में दूसरे नंबर पर रहने वाली राजद की उम्मीदवार रेखा गुप्ता इस बार तीसरे नंबर पर हैं। यह एक उप चुनाव कई रिकॉर्ड को बनाने की तरफ अग्रसर है। हालांकि इस उप चुनाव का एक बेहद दिलचस्प आंकडा ये भी है कि इस सीट पर लालू प्रसाद यादव और नीतीश कुमार भी अपनी ताल ठोंक रहे हैं।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बाद मतगणना में 26वें राउंड की गिनती समाप्त होने पर इस सीट पर चुनावी मैदान में उतरे लालू प्रसाद यादव को 74 वोट मिले हैं, जबकि नीतीश कुमार को 127 मत मिले हैं। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी है कि आखिर बांकीपुर से चुनावी मैदान में उतरने वाले ये दोनों उम्मीदवार हैं कौन? दरअसल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एक तरफ जहां लोगों की नजरें बीजेपी, राजद और जन सुराज के उम्मीदवारों की तरफ लगी हुई थी, इन पार्टियों के बीच में ही लालू प्रसाद यादव और नीतीश कुमार भी अपनी मौजूदगी से कौतूहल बना रहे थे। मजेदार बात यह कि इनमें लालू प्रसाद यादव राजधानी से सटे सारण जिले के मूल रूप से निवासी हैं।
बांकीपुर बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में कुल 25 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे थे। अब इनके बीच ही जीतने की लडाई चल रही है। हालांकि इस उप चुनाव की सबसे मजेदार तस्वीर यह भी है कि 26 वें राउंड की गिनती समाप्त होने पर नोटा को लालू प्रसाद यादव और नीतीश कुमार से ज्यादा मत मिले हैं। नोटा को इस राउंड की समाप्ति पर 540 मत मिले हैं।













