पटना के अटल पथ पर शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब मरीज को लेकर जा रही एक एंबुलेंस में अचानक आग लग गई। घटना के वक्त एंबुलेंस करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। अचानक धुआं उठता देख ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी रोकी।
आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई। एंबुलेंस में सवार मरीज को स्ट्रेचर समेत बाहर निकाला गया, जबकि उसके साथ मौजूद चार अटेंडर्स का भी सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। कुछ ही पलों में आसपास के लोग मौके पर जुट गए। फ्लाईओवर के नीचे से लोग बाल्टियों में पानी भरकर ऊपर फेंकने लगे और आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचा। आग पर काबू पाने के लिए तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को लगाया गया। करीब 27 मिनट की मशक्कत के बाद आग पूरी तरह बुझाई जा सकी। हालांकि तब तक एंबुलेंस की सीटें पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थीं और पिछले हिस्से के इंटीरियर को भारी नुकसान पहुंचा।
हादसे की वजह से अटल पथ पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने ट्रैफिक को नियंत्रित कर हालात सामान्य कराए।
एंबुलेंस में सवार अमरजीत कुमार ने बताया कि उनके दादा राजदेव राम लंबे समय से पेट की बीमारी से जूझ रहे हैं। उन्हें पहले कंकड़बाग के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, हालत बिगड़ने पर IGIMS ले जाया गया और वहां से PMCH शिफ्ट किया जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ।
फिलहाल एंबुलेंस में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।