जहानाबाद में उत्पाद विभाग की टीम पर शराब कारोबारियों और स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। घोसी थाना क्षेत्र के शेखपुरा गांव में हुई इस घटना में छह पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बाद में छुट्टी दे दी गई।
उत्पाद विभाग की टीम अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ छापेमारी करने शेखपुरा गांव पहुंची थी। टीम ने पहले एक महिला उर्मिला देवी के घर से 4 लीटर देसी शराब बरामद की। इसके बाद, एक अन्य व्यक्ति के यहां से 6 लीटर देसी शराब जब्त की गई।
जब पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर ले जाने लगी, तो आसपास के लोग उग्र हो गए। उन्होंने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इस हमले में उत्पाद विभाग का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके शीशे टूट गए।
उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने बताया कि उन्हें शेखपुरा गांव में अवैध शराब कारोबार की सूचना मिली थी। छापेमारी के दौरान दो शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि हमला करने वालों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में उत्पाद विभाग द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।