शराब नहीं पीना चाहिए, समझाने पर युवक के सिर पर कर दिया हमला

शराब नहीं पीना चाहिए, समझाने पर युवक के सिर पर कर दिया हमला
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
: Jun 29, 2026, 2:53:00 PM

राज्य के जहानाबाद जिले से हैरान करने वाली खबर है। यहां एक युवक को तब गंभीर रूप से घायल कर दिया गया, जब वह किसी अन्य युवक को शराब का सेवन नहीं करने के लिए समझाने गया था। घायल युवक को गंभीर चोट लगी है। उसका डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की पडताल में लगी हुई है।

राज्य में शराबबंदी के दावों के बीच जहानाबाद में शराबी का उत्पात सामने आया है। यहां एक समझाने गए युवक पर जानलेवा हमला किए जाने की खबर सामने आयी है। मिली जानकारी के अनुसार एक शादी समारोह के दौरान शराब के नशे में धुत एक युवक ने जमकर हंगामा किया और बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। प्राप्त खबर के अनुसार घटना नगर क्षेत्र के दक्षिणी दौलतपुर मोहल्ले की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, दक्षिणी दौलतपुर निवासी संतोष कुमार, पिता हरि लाल, के बड़े भाई से एक शराबी युवक किसी बात को लेकर उलझ गया। विवाद बढ़ता देख संतोष कुमार बीच-बचाव करने और झगड़ा शांत कराने पहुंचे। इसी दौरान नशे में धुत युवक ने संतोष कुमार के साथ मारपीट शुरू कर दी और उन पर हमला कर दिया। हमले में संतोष कुमार के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल संतोष कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल, जहानाबाद लाया गया।

सदर अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक डॉ. वीरेंद्र कुमार साहनी ने बताया कि घायल के सिर में गंभीर चोट आई है। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर है, लेकिन बेहतर उपचार के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कर निगरानी में रखा गया है। इधर घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस सक्रिय हुई। नगर थानाध्यक्ष उमेश कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और घायल संतोष कुमार का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपी की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। इस घटना के बाद एक बार फिर बिहार में शराबबंदी की वास्तविक स्थिति पर सवाल खड़े हो गए हैं। सरकार जहां शराबबंदी को सफल बताती है, वहीं दूसरी ओर शराब के नशे में हिंसा और मारपीट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

जहानाबाद से बरूण की रिपोर्ट