नींद की झपकी और तेज रफ्तार, ट्रकों की सीधी भिड़ंत में पंजाब के ड्राइवर की मौ*त

नींद की झपकी और तेज रफ्तार, ट्रकों की सीधी भिड़ंत में पंजाब के ड्राइवर की मौ*त

नींद की झपकी और तेज रफ्तार, ट्रकों की सीधी भिड़ंत में पंजाब के ड्राइवर की मौ*त
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: Jun 22, 2026, 12:29:00 PM

राज्य के पूर्वी चंपारण जिले से दर्दनाक खबर है। यहां चलती ट्रक के ड्राइवर को नींद की तेज झपकी आने से कोहराम मच गया। दरअसल झपकी आने के बाद दो ट्रकों के बीच भीषण भिड़ंत हो गयी। हादसे में पंजाब के निवासी ट्रक ड्राइवर की मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल उत्तर प्रदेश और पंजाब के बताये जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की पडताल में जुटी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार पूर्वी चंपारण के मेहसी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया। हादसे में एनएच-28 पर दो ट्रकों के बीच जोरदार और सीधी भिड़ंत हो गयी। जिससे दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग जिंदगी और मौत के बीच अस्पताल में जूझ रहे हैं। 

मिली जानकारी के मुताबिक, मोतिहारी की दिशा से आ रहे एक ट्रक के ड्राइवर को अचानक गाड़ी चलाते वक्त एक छोटी सी झपकी आ गई। झपकी आने के बाद तेज रफ्तार में दौड़ रहा ट्रक बेकाबू होकर डिवाइडर को तोड़ता हुआ दूसरी लेन में जा घुसा। दूसरी लेन में सामने से आ रहे ट्रक से इसकी आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गयी। मृतक की पहचान पंजाब निवासी राजा सिंह के रूप में हुई है, जो ट्रक चला रहा था। वहीं, उत्तर प्रदेश और पंजाब के रहने वाले तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद एनएच पर किलोमीटर लंबा जाम लग गया और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर मेहसी थानाध्यक्ष शानू गौरव तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत पास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. हरेंद्र कुमार रवि ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच अस्पताल रेफर कर दिया है। फिलहाल पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को हटाकर हाईवे पर यातायात को बहाल करा दिया है।

मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट